
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
मेरठ। बिजली के बड़े बकाएदारों और चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान दिन निकलते ही लिसाडी गेट इलाके में छापा मारा गया। इलाके के विभिन्न मोहल्लों में विजीलेंस टीम पुलिस के साथ छापेमारी करने पहुंच गई। इस दौरान इलाके में हड़कंप मच गया। मोहल्ले के लोग ठीक से सोकर भी नहीं उठे थे कि उनके घर बिजली बिभाग की विजिलेंस टीम ने दस्तक दे दी। मोहल्लेवासियों ने एकजुट होकर टीम का विरोध करना शुरू किया तो पुलिसकर्मियों ने कानून हाथ में न लेने की सलाह देते हुए उनको पीछे कर दिया।
इसके बाद टीम ने क्षेत्र के प्रत्येक घर में जबरदस्त चेकिंग अभियान चलाया। जिसमें 14 लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा वहीं विभाग ने जांच के दौरान कई मीटरों को संदिग्ध पाया और उनको भी सील कर अपने साथ ले गई। इस पूरे अभियान की वीडियो रिकार्डिग् भी कराई गई। बता दें कि महानगर में थाना लिसाडी गेट का इलाको में सबसे अधिक लाइनलास होता है। जिसको लेकर कई बार विभाग कार्रवाई कर चुका है। लेकिन इसके बाद भी लाइनलास कम नहीं हो रहा। अब बिजली विभाग ने इसी इलाके को पूरे तरीके से अपने मिशन पर रखा हुआ है।
गौरतलब है कि इन दिनों जिले में बकायेदारों को लेकर भी बिजली अधिकारी एक्शन मोड में हैं। बकायेदारों के खिलाफ चलाए अभियान में बुधवार को 250 बिजली के बड़े बकाएदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके कनेक्शन काट दिए गए। ये कार्रवाई भी थाना लिसाडी गेट क्षेत्र से शुरू की गई। बिजली विभाग की इस कार्रवाई में टीम के साथ भारी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद रहा। बिजली विभाग की इस कार्रवाई के चलते कई लोग अपने घर में ताला लगाकर भाग खड़े हुए।
Published on:
19 Nov 2020, 12:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.