
दुनियाभर में छह लाख से अधिक संक्रमित मामले।
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
मेरठ। जिले में अब कोरोना वायरस का कहर तेजी से फैल रहा है। नए मरीजों की संख्या लगातार इजाफा हो रहा है। बुधवार को मेरठ में 265 नए मरीज मिले हैं। पिछले एक सप्ताह में ही मेरठ में नए मरीजों की संख्या 1500 हो चुकी है। कोरोना संक्रमण की दर लगातार छह फीसद से ज्यादा बनी हुई है। बुधवार को 3880 सैंपलों की जांच में 6.52 फीसद की दर 253 मरीजों में वायरस पाया गया। जबकि एक मरीज की मौत हुई है। सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि 918 सैंपलों की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। जबकि 819 लोगों को आइसोलेशन में रखा गया है। साढ़े चार लाख से ज्यादा सैंपलों की जांच हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में संक्रमण और बढ़ेगा, ऐसे में सतर्कता बढ़ाई गई है। मेडिकल कालेज के कोविड वार्ड प्रभारी डा. सुधीर राठी ने बताया कि आइसोलेशन वार्ड में कुल 85 मरीज भर्ती हैं, जिसमें 50 आक्सीजन एवं तीन वेंटीलेटर पर हैं।
दिल्ली के बाद मेरठ में पकड़ रहा रफ्तार
दिल्ली में कोविड-19 ने एक बार फिर से रफ्तार पकड़ ली है। राजधानी दिल्ली में कोरोना के नए केस की संख्या बढऩे से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में भी बेचैनी देखने को मिल रही है। दिल्ली के सबसे अधिक नजदीक मेरठ मंडल के जिले हैं। जिसको लेकर मंडल के सभी जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसके मद्देनजर मेरठ मंडल में सतर्कता बढ़ा दी गई है। मेरठ मंडलायुक्त ने मंडल के सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर ज्यादा सावधानी बरतने के सख्त निर्देश दिए हैं।
मंडलायुक्त ने कोविड टेस्टिंग में तेजी के दिए निर्देश
मंडलायुक्त अनीता सी मेश्राम ने कोविड टेस्टिंग में तेजी लाने और सर्विलांस की कार्रवाई गंभीरता से करने के सख्त निर्देश दिए हैं। मंडलायुक्त ने इस बावत गाजियाबाद,नोएडा, बुलंदशहर, मेरठ,हापुड और बागपत आदि के जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने कहा है कि दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से कोरोना वायरस के नए केस की संख्या में अभूतपूर्व उछाल आया है। इसे ध्यान में रखकर मेरठ मंडल के सभी जनपदों में एहतियात बरतने की आवश्यकता है। सभी जिलों में कोविड टेस्टिंग में तेज़ी लाने के अलावा सर्विलांस की कार्रवाई पूरी गंभीरता से की जाए। वर्तमान समय में सर्दी के मौसम और वायु प्रदूषण के बढ़ते स्तर से कोविड संक्रमण में वृद्धि होने की आशंका व्यक्त की गई है। ऐसे में अगले कुछ सप्ताह बेहद चुनौतीपूर्ण हैं।
लोगों के आवागमन,बाजारों में भीड़-भाड़ और जनता द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग व कोविड से बचाव के नियमों का सही प्रकार से पालन ना करने से भी संक्रमण की चेन में वृद्धि की संभावना है। कमिश्नर मेश्राम ने स्पष्ट कहा है कि किसी प्रकार की लापरवाही किसी स्तर पर न बरती जाए। कोविड अस्पतालों में भर्ती मरीजों को बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए। जिन मरीजों को होम आइसोलेशन की सुविधा प्रदान की गई है, उन पर भी निरंतर निगरानी रखी जाए।
Published on:
19 Nov 2020, 11:21 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.