
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
नोएडा। कोरोना का प्रकोप एक बार बढ़ता नजर आ रहा है। यही कारण है गौतमबुद्ध नगर दोबार नियम सख्त करने की तरफ ध्यान दे रहा है। इस क्रम में जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर रैंडम कोविड जांच के आदेश दिए थे। जिसके बाद बुधवार को नोएडा के चिल्ला और डीएनडी बॉर्डर पर हेल्थ डिपार्टमेंट की टीम तैनात रहीं। इस बीच अब जिला प्रशासन ने मेट्रो स्टेशन और बस स्टॉप पर भी यात्रियों की कोविड जांच कराने का फैसला किया है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि इससे लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
बता दें कि बुधवार बाद 3:30 बजे तक टीम ने दोपहर चिल्ला बॉर्डर पर 84 लोगों की रैंडम जांच की। इनमें से 2 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। वहीं डीएनडी पर 81 लोगों का रैपिड टेस्ट कराया गया। यहां भी एक व्यक्ति पॉजिटिव मिला। जिला सूचना अधिकारी राकेश चौहान ने बताया कि तीनों मरीजों को होम आइसोलेटे कर दिया गया है। जांच आगे भी जारी रहेगी। इससे लोगों को किसी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। यह रैंडम जांच की जा रही है। सभी यात्रियों को रोककर टेस्टिंग नहीं की जा रही है।
वहीं जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने बताया कि दिल्ली और नोएडा के बीच यातायात सामान्य ही रहेगा। यह फैसला समीपवर्ती क्षेत्रों में मामलों की वृद्धि के कारण लिया गया है। किसी भी तरह की असुविधा के बिना यात्रियों को आवागमन की अनुमति रहेगी। बस टीम द्वारा ट्रैफ़िक में से रैंडम नमूनाकरण किया जाएगा। इसी तरह मेट्रो स्टेशन और बस स्टॉप पर भी यात्रियों की जांच कराने का फैसला किया गया है। लोग किसी तरह के भ्रम में न आएं। किसी को कोई समस्या नहीं होगी।
Published on:
19 Nov 2020, 8:15 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.