
मेरठ में 1.7 करोड़ की ठगी का मामला। फोटो सोर्स-Ai
Crime News:उत्तर प्रदेश के मेरठ के मोदीपुरम क्षेत्र में ब्याज पर मोटा लाभ दिलाने के नाम पर 1.7 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि ब्यूटी पार्लर संचालिका ने मंडी कारोबारियों को ब्याज पर रुपये लगवाकर मोटा मुनाफा दिलाने का लालच दिया और इसी बहाने करोड़ों रुपये हड़प लिए। मामले में पुलिस ने कप्तान के आदेश पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पल्लवपुरम थाना क्षेत्र स्थित ग्रेटर अप्पू एंक्लेव कॉलोनी निवासी रीतू सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी कॉलोनी में किराये पर रहने वाली रेनू तोमर से उनकी पहचान हुई थी। रेनू तोमर पल्लवपुरम फेज-2 में एंजिल ब्यूटी पार्लर चलाती है। रीतू के मुताबिक, रेनू का पति हिमांशु पुलिस विभाग में कार्यरत है।
रीतू सिंह ने बताया कि जनवरी 2026 में उनकी बेटी की शादी थी। इसी दौरान नवंबर 2025 में रेनू उनके संपर्क में आई। रेनू ने दावा किया कि वह ऐसे लोगों को जानती है जो मंडी में फल और सब्जी खरीदने वाले व्यापारियों को ब्याज पर रुपये उपलब्ध कराते हैं और अच्छा मुनाफा कमाते हैं। उसने यह भी कहा कि उन लोगों के पास साहूकारी का लाइसेंस है।
रेनू ने कॉलोनी की एक अन्य महिला पल्लवी भाटी को भी इस योजना के जरिए कमाई कराने की बात कही। इसके बाद नवंबर 2025 में रीतू सिंह ने 2 लाख रुपये रेनू को दिए। कुछ समय तक ब्याज मिलने के बाद रेनू ने अधिक रकम निवेश करने पर ज्यादा फायदा होने का भरोसा दिलाया।
पीड़िता के अनुसार, रेनू की बातों में आकर उन्होंने अपने पति, बेटी, दामाद और अन्य रिश्तेदारों के खातों से भी रकम ट्रांसफर करवाई। आरोप है कि रेनू और उसके बताए लोगों के खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर, क्रेडिट कार्ड और अन्य माध्यमों से लगातार रुपये भेजे गए। रीतू ने यह भी बताया कि बाद में उन्होंने अपने गहने गिरवी रखकर और रिश्तेदारों से उधार लेकर भी रकम जुटाई। नवंबर 2025 से 18 मार्च 2026 के बीच कुल 1 करोड़ 7 लाख 65 हजार रुपये रेनू तोमर और उसके सहयोगियों को दिए गए।
पीड़िता ने बताया कि रेनू ने उन्हें सुनील डेली कमेटी नामक व्यक्ति का मोबाइल नंबर देकर बातचीत करने को कहा। जब रीतू ने संपर्क किया तो सुनील ने रेनू को पहचानने से इनकार कर दिया। इसके बाद रेनू ने करन मलिक को मुख्य व्यक्ति बताया, लेकिन करन मलिक ने भी उसे पहचानने से मना कर दिया। इसके बाद रीतू सिंह को एहसास हुआ कि वह बड़े स्तर की ठगी का शिकार हो चुकी हैं।
पीड़िता की शिकायत पर मेरठ पुलिस कप्तान के आदेश के बाद पल्लवपुरम थाने में 16 मई को केस दर्ज किया गया। मामले में रेनू तोमर, हिमांशु, कशिश पार्लर के सहयोगियों और करन मलिक फाइनेंसर को नामजद आरोपी बनाया गया है।
पल्लवपुरम थाना प्रभारी भगत सारस्वत ने बताया कि करीब 1.7 करोड़ रुपये की ठगी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
Published on:
18 May 2026 10:56 am
बड़ी खबरें
View Allमेरठ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
