
मेरठ। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने टोल प्लाजा के पास एक गाड़ी से 40 क्विंटल नकली मावा पकड़ा है। इस मावे की कीमत दस लाख रूपये बताई जा रही है। ये मावा बनाने वाले गिरोह द्वारा सप्लाई किया जा रहा था। पकड़े गये मावे को जब्त कर लिया गया है। इसके सेंपल को जांच के लिए भेज दिये गए हैं। नकली मावे के साथ ही केमिकल्स, वनस्पति घी एवं उपकरण बरामद किए हैं।आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।
सूचना पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की अभिहित अधिकारी अर्चना धीरान अपनी टीम के साथ दौराला के सिवाया टोल प्लाजा के पास खड़ी हो गईं। इसी दौरान एक टाटा 407 आई। जिसको रुकने का इशारा किया गया। गाड़ी रूकने के बाद उसकी तलाशी ली गई तो उसमें से नकली और मिलावटी मावा बरामद हुआ। बरामद हुआ मावा 40 क्विंटल है और उसकी बाजार में कीमत 10 लाख रूपये है। गाड़ी में चार लोग सवार थे उनसे भी पूछताछ की जा रही है। वहीं एक अन्य व्यक्ति मौके से फरार हो गया। गाड़ी के भीतर से बीस लीटर हाईड्रोजन, दो किलो वनस्पति, दो किलो सफेद पपड़ी मसाला, उपकरण और करीब 40 कुंतल नकली मावा बरामद हुआ है। टीम ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस माल समेत आरोपियों को थाने ले गई।
ऐसे तैयार किया जाता था मावा
पकड़े गए आरोपी कई वर्षों से नकली मावा बनाने के धंधे में लगे हैं। यह लोग दूध पाउडर में पानी, वनस्पति घी, हाईड्रोजन पैराक्साइड, सफेद पापड़ी मसाला मिलाकर नकली मावा तैयार करते थे। इस मावे को 160 से 180 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से सप्लाई कर मोटा मुनाफा कमाते थे। अभिहित अधिकारी अर्चना धीरान का कहना है कि मावे की सेंपलिंग के लिए लैब में भिजवाया गया है, रिपोर्ट आने के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
22 Oct 2019, 7:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.