
मेरठ. मांग में सिंदूर भरकर एक युवती थाना दौराला पहुंची और उसने पुलिसकर्मियों से कहा उसे कोई भगाकर नहीं ले गया। वह अपनी मर्जी से गई थी और उसने शादी कर ली है। वह उसका पति है। यह जानकारी जब युवती के परिजनों को हुई तो वे भी थाने पहुंच गए। थाने में काफी देर तक हंगामा होता रहा। बाद में पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा दिया और कहा कि कोर्ट जो भी आदेश देगा वह दोनों पक्षों को मानना होगा। तब तक युवती को महिला पुलिस की कस्टडी में ही थाने में रहना होगा। वहीं युवक ने अपनी पत्नी की जान को खतरा जताया है।
दरअसल, दौराला थाना अंतर्गत गांव नंगली साधारण से एक युवती संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी। लापता युवती के पिता ने गांव निवासी एक युवक पर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। युवती देर रात थाने पहुंची उसके मांग में सिंदूर भरा हुआ था और उसने कलाइयों में लाल चूड़ियां भी पहनी हुई थी। युवती ने पुलिस को अपनी मर्जी से जाने व शादी करने की जानकारी दी।
युवती के वापस आने की जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने प्रेमी पति के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी रही। वहीं दोनों पक्षों में काफी देर तक हंगामा होता रहा। पुलिस ने युवती के बयान कोर्ट में दर्ज करने के बाद ही कोई कार्रवाई की बात कही और तब तक के लिए युवती को महिला पुलिस की कस्टडी में दे दिया। इंस्पेक्टर दौराला किरणपाल सिंह का कहना है कि युवती के पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। युवती खुद ही थाने पहुंची और आरोपी के साथ शादी करने की जानकारी दी। बयान दर्ज कराने के बाद कोर्ट के निर्देशानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
06 Nov 2020 02:53 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
