बताते चलें कि गंगानगर थाना क्षेत्र में जली हुई कार में मानव अवशेष मिले थे। इस घटना का मेरठ पुलिस ने 24 घंटे में सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। शुक्रवार को एसपी देहात राजेश कुमार ने बताया कि रात को थाने पहुंचे मृतक के फुफेरे भाई विकास कुमार ने उसकी शिनाख्त मवाना के जंधेड़ी निवासी संजीव उर्फ शैंकी के रूप में की। विकास ने बताया कि संजीव किला परीक्षितगढ़ में रहने वाले अपने मामा ब्रहम सिंह के घर पर रहकर सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। परिजनों ने बताया कि संजीव का पल्लवपुरम निवासी युवती से पिछले कई वर्षो से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मृतक के परिजनों ने संजीव की प्रेमिका के पिता गुलाबसिंह, भाई पम्मी, जाॅनी और राहुल व सन्नी नाम के दो युवकों सहित पांच को नामजद करते हुए हत्या की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई। जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती के पिता गुलाब सिंह और भाई पम्मी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने सख्ती से पूछताछ करने पर पूरी घटना का खुलासा कर दिया।