पंडित भारत ज्ञान भूषण ने बताया कि गुरु पूर्णिमा को सबसे उच्च स्थान दिया गया है। अगर देखा जाए तो आषाढ़ के मास में पूरा आसमान बादलों से घिरा होता है और इसी कारण पूर्णिमा के दिन भी चंद्र अपना पूरा प्रकाश फैला नहीं पाता। परंतु फिर भी गुरु पूर्णिमा को ही सबसे ज्यादा महत्व दिया जाता है। अगर चंद्र प्रकाश को ताक पर रखकर देखा जाए तो शरद पूर्णिमा के दिन चंद्र अपने पूरे सौंदर्य के साथ अपनी चांदनी को पूरे आकाश में बिखरा देता है। इस प्रकार तो शरद पूर्णिमा को ही श्रेष्ठ कहा जाना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं है। गुरु पूर्णिमा का चांद उस गुरु की तरह है जो अपना प्रकाश पूरे विश्व में फैला देना चाहता है। इस ज्ञान की चांदनी से पूरे जग के अंधकार को रोशन करना चाहता है और घिरे हुए काले बादल शिष्यों की तरह है, क्योंकि शिष्य तो कई प्रकार के हो सकते हैं चाहे वह अंधकार में डूबे हुए हो, यह हताशा से भरे हुए। आषाढ़ की पूर्णिमा का चांद इसी तरह अज्ञानता से भरे हुए बादलों से घिरा हुआ होता है और उस चांद का एकमात्र कर्तव्य यह है कि वह अपनी रोशनी उन सभी ज्ञान दें, इसलिए गुरु पूर्णिमा को ही श्रेष्ठ माना जाता है।