
मेरठ। उत्तर प्रदेश के शहरों के मध्यम तेज गेंदबाज अब बड़ा कारनामा कर रहे हैं। पिछले दस साल में यह स्थिति बदली है। भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाकर इंटरनेशनल क्रिकेट में भी इन्होंने अपनी धाक जमार्इ है। मेरठ के लोकल ब्वाॅय भुवनेश्वर कुमार ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 150 विकेट पूरे कर लिए हैं। इस आंकड़े पर पहुंचने वाले वह उत्तर प्रदेश के दूसरे मध्यम तेज गेंदबाज हैं। उन्होंने टेस्ट, वनडे व टी-20इंटरनेशनल में अब तक 117 मैच खेलते हुए 150 विकेट पूरे कर लिए हैं। दिल्ली में न्यूजीलैंड के खिलाफ बुधवार को हुए टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले में उन्होंने एक विकेट लेकर यह आंकड़ा बराबर कर लिया। मोहम्मद शमी के बाद वह इंटरनेशनल क्रिकेट में 150 विकेट लेने वाले उत्तर प्रदेश के दूसरे मध्यम तेज गेंदबाज हैं।
एेसे पूरे किए 150 विकेट
होम ग्राउंड विक्टोरिया पार्क के ट्रेनी रहे टीम इंडिया के स्विंग मास्टर भुवनेश्वर कुमार ने 18 टेस्ट मैचों में 45, 78 वनडे मैचों में 85 आैर टी-20 इंटरनेशनल के 21 मैचों में 20 विकेट लिए हैं। यानि उन्होंने कुल 117 इंटरनेशनल मैचों में भारत के लिए 150 विकेट पूरे कर लिए हैं। भुवनेश्वर कुमार से पहले मोहम्मद शमी ने इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फार्मेंट में 185 विकेट लिए हैं। उन्होंने टेस्ट में 86, वनडे में 91 व टी-20 इंटरनेशनल में आठ विकेट लिए हैं। यूपी के लिए आरपी सिंह ने 124 विकेट आैर प्रवीण कुमार ने अब तक 112 विकेट लिए हैं।
भुवनेश्वर के रिकाॅर्ड
भुवनेश्वर कुमार ने अपने पांच साल के इंटरनेशनल क्रिकेट करियर में 150 विकेट का आंकड़ा पूरा किया है। हालांकि, बीच-बीच में कुछ चोटों की वजह से उन्हें टीम से बाहर रहना पड़ा, वरना यह आंकड़ा शमी से आगे निकल जाता। पहले प्रवीण कुमार और फिर भुवनेश्वर कुमार ने साबित किया कि मेहनत आैर लगन हो, तो छोटे शहरों के गेंदबाज भी इंटरनेशनल क्रिकेट तक पहुंच सकते हैं। भुवनेश्वर कुमार ने टेस्ट, वनडे आैर टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना पहला विकेट क्लीन बोल्ड करके हासिल किया था। आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ 2013 में दसवें नंबर पर बल्लेबाजी करके 38 रन बनाकर वो नवें विकेट के लिए महेंद्र सिंह धोनी के साथ 140 रन का रिकाॅर्ड भी बना चुके हैं।
Published on:
2 Nov 2017, 11:40 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.