
मेरठ. उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर के पॉश इलाके शास्त्रीनगर की सेंट्रल मार्केट में इंटीरियर डिजाइनर ने अपने ऑफिस में फांसी लगाकर जान दे दी। पति को फांसी पर लटका देख पत्नी के होश उड़ गए। वह भी बेसुध सी हो गई और उसने भी जान देने की कोशिश की। पत्नी ने भी कटर से अपना गला और हाथ की नस काट ली।
घटना से इलाके में हड़कंप
इस घटना से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी पर पहुंची नौचंदी थाना पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मृतक इंटीरियर डिजाइनर की घायल पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मृतक का फोन कब्जे में ले लिया है।
शहर के जाने-माने इंटीरियर डिजाइनर थे अमित
अमित बंसल शहर के जाने-माने इंटीरियर डिजाइनर और पीओपी व्यापारी थे। उनके पिता रामकिशन बंसल मूलरूप से किठौर के रहने वाले हैं और वे शास्त्रीनगर के सेक्टर-एक में परिजनों के साथ रहते हैं। उन्होंने सीमेंट का गोदाम, बर्फखाना और धर्मकांटा लगा रखा था। फिलहाल उन्होंने यह काम छोड़ दिया है। उनका बेटा अमित बंसल शहर का प्रमुख इंटीरियर डिजाइनर था। घर से कुछ दूरी पर अमित ने सेंट्रल मार्केट में मैजेटिक इंटीरियर के नाम से ऑफिस बना रखा है। अमित ने ऑफिस के भीतर फांसी लगाकर जान दे दी। पति को फांसी पर लटका देखकर पत्नी पिंकी बंसल ने खुद ही कटर से गर्दन और हाथ की नस काट ली।
सुबह से ही मानसिक तनाव में था अमित- पिता
अमित के ऑफिस का ताला लगा देख पिंकी समझ गई थी अमित के इरादे कुछ ठीक नहीं हैं। घर से ऑफिस पहुंचे रामकिशन ने खून से लथपथ पिंकी को देखकर पुलिस को सूचना दी। नौचंदी पुलिस ने पिंकी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। राम किशन बंसल ने बताया कि अमित सुबह से ही मानसिक तनाव में था। पिंकी अपनी डेढ़ साल की बेटी को दाल पिलाकर घर से ऑफिस गई थी। इसी बीच पूरा घटनाक्रम हो गया। एसएसपी ने भी मौके पर पहुंच कर जानकारी ली।
आत्महत्या की वजह तलाश की जा रही है- एसपी सिटी
अमित बंसल की बड़ी बहन स्वीटी की शादी आईपीएस नीरज कुमार के साथ हुई थी। नीरज कुमार की तैनाती फिलहाल दिल्ली में है। साले की मौत की जानकारी मिलने के बाद वह पत्नी के साथ मेरठ के लिए चल दिए। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि सेंट्रल मार्केट में व्यापारी ने अपने ऑफिस के अंदर फांसी लगाकर जान दी है। पत्नी ने भी जान देने का प्रयास किया है। आत्महत्या की वजह तलाश की जा रही है। मोबाइल को कब्जे में लिया जा चुका है। इस बारे में परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
Published on:
5 Oct 2021, 10:09 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.