
School Holiday (Image-Patrika.com)
Kanwar Yatra: मेरठ में कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए जिला प्रशासन ने 10 दिन के लिए सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया है। जिला मजिस्ट्रेट डॉ. वीके सिंह के आदेश के मुताबिक 3 अगस्त से 12 अगस्त तक जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय तथा तकनीकी संस्थान बंद रहेंगे। प्रशासन का कहना है कि यह फैसला विद्यार्थियों की सुरक्षा और कांवड़ यात्रा के दौरान सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए लिया गया है।
आदेश के दायरे में कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालय शामिल हैं। इनमें बेसिक शिक्षा परिषद, माध्यमिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा बोर्ड और अन्य सभी बोर्डों से संबद्ध शिक्षण संस्थान शामिल हैं। इसके अलावा जिले के सभी सरकारी और निजी महाविद्यालय, विश्वविद्यालय और तकनीकी संस्थानों में भी इस अवधि के दौरान नियमित शैक्षणिक गतिविधियां पूरी तरह बंद रहेंगी।
हालांकि जिन परीक्षाओं की तिथियां पहले से तय हैं, उन पर इस आदेश का असर नहीं पड़ेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित परीक्षाएं पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित कराई जाएंगी। संबंधित संस्थानों को परीक्षा संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने आदेश में कहा है कि श्रावण मास के दौरान हरिद्वार से लौटने वाले कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके चलते मेरठ के विभिन्न कांवड़ मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू किया गया है। ऐसे में रोजाना बड़ी संख्या में छात्रों और शिक्षकों का आवागमन प्रभावित हो सकता है। इसी स्थिति को ध्यान में रखते हुए शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के प्रबंधन को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है कि अवकाश अवधि के दौरान कोई भी शिक्षण संस्थान नियमित कक्षाएं संचालित नहीं करेगा। प्रशासन का मानना है कि इससे कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और ट्रैफिक प्रबंधन में भी आसानी होगी।
वहीं, मुजफ्फरनगर में भी जिला प्रशासन ने 3 अगस्त से 10 अगस्त तक सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि डीएम के निर्देश पर यह आदेश जारी किया गया है। इसके तहत प्री-प्राइमरी, प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक विद्यालयों के साथ-साथ यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई से संबद्ध सभी सरकारी और निजी स्कूल, डिग्री कॉलेज, डायट और तकनीकी संस्थान इस अवधि में बंद रहेंगे।
बीएसए ने सभी सरकारी और गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों और प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि 3 से 10 अगस्त तक अवकाश संबंधी आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान नियमित शैक्षणिक गतिविधियां संचालित नहीं की जाएंगी।
Updated on:
02 Aug 2026 08:00 am
Published on:
02 Aug 2026 12:24 am
बड़ी खबरें
View Allमेरठ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
