मेरठ के गंगानगर में पिछले दिनों स्टाइल स्टेशन सैलून पर फर्जी रेड डलवाने के आरोप में सुर्खियों में रहे अरुण नामक व्यक्ति का एक और कारनामा सामने आया है। इस व्यक्ति ने पुलिस के नाम पर 1.50 लाख की रकम ठग ली। करीब दो माह पूर्व एक नाबालिग से गैंग रेप के आरोपी का नाम मुकदमे से हटवाने के लिए आरोपी ने यह रकम पुलिस के नाम ऐंठ ली। गंगानगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। फिलहाल, आरोपी घर छोडकर फरार हो गया है। माछरा थाना किठौर निवासी अतुल त्यागी पुत्र राजकुमार त्यागी ने पुलिस को बताया कि उसका भाई सोनू त्यागी सात जुलाई को गैंगरेप के मामले में गंगानगर थाने से जेल चला गया था। अतुल का कहना है कि 16 अगस्त को अरुण नाम का एक युवक उससे मिलने जेल में गया और पुलिस में अच्छी जान-पहचान बताकर मुकदमे से नाम हटवाने का दावा कर दिया। इस बदले में अरूण ने डेढ़ लाख की रकम मांग ली। उसने अपना मोबाइल नंबर 9837028376 भी दे दिया। जिस पर अतुल ने फोन लगाकर बात की। अतुल का कहना है कि उसने अपने एक रिश्तेदार के माध्यम से 17 जुलाई को अरूण मिश्रा को 1.50 लाख रूपये दे दिए। अरूण ने सोनू को 23 अगस्त को जेल से छूटने का झांसा दिया। आरोप है इसके बाद अरूण को कई बार फोन किया, लेकिन उसने बात करने से मना कर दिया। बावजूद इसके वह धमकाने लगा कि गुंडों से पिटवा दूंगा।