इस रैकेट के शिकार बन चुके कई लोगों ने मेरठ एसएसपी ऑफिस में अपनी शिकायत दर्ज कराई है। इन लोगों के मुताबिक तलाकशुदा और विधवा महिलाए अलग-अलग माध्यम से शादी के लिए सूचनाएं प्रकाशित करवाती हैं। इसमें इच्छुक व्यक्ति को मेडिकल थाना क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित कार्यालय बुलाया जाता है। इस दौरान जो लोग शादी करने के ख्वाहिशमंद होते हैं उसका नाम, पता, उम्र, व्यवसाय, नौकरी और जमीन संबंधी सभी जानकारी लेने के बाद शादी करने के इच्छुक शख्स से 5100 रुपये जमा कराए लिए जाते हैं। गिरोह की संचालिका लोगों को आश्वासन देती हैं कि इन्हीं पैसों में से शादी के कागजात तैयार कराकर कोर्ट मैरिज कराए जाएंगे। गिरोह की संचालिया लोगों को यह भरोसा भी दिलाती है कि अगर महिला पसंद नहीं आई तो 1500 रुपये फीस काटकर 3600 रुपये वापस कर दिए जाएंगे।