
मेरठ में मायावती की रैली के दौरान लगा दस किलोमीटर लंबा जाम
मेरठ। सोमवार को मेरठ में बसपा सुप्रीमो मायावती की मेरठ लोक सभा सीट पर गठबंधन के उम्मीदवार के समर्थन में चुनावी रैली के दौरान हापुड़-मेरठ रोड पर दस किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इस जाम में रोडवेज की गाड़ियां भी फंसी रही। आज सुबह से ही मेरठ-हापुड़ रोड पर बसपा की चुनावी जनसभा के कारण वाहनों का दबाव काफी बढ़ा हुआ था।
जनसभा पर आने वाले वाहन सुबह 11 बजे से आने शुरू हुए तो स्थिति और अधिक विकट हो गई। हालांकि मेरठ-हापुड़ राजमार्ग पर पुलिस व्यवस्था की गई थी, लेकिन इसके बावजूद भीड़ के चलते जाम की स्थिति दिन में 12:30 के बाद बेकाबू हो गई। चुनावी जनसभा को संबोधित करने जैसे ही पूर्व मुख्यमंत्री मंच पर पहुंची उसके कुछ देर बाद लोगों ने जाना शुरू कर दिया। जिसके चलते जाम की स्थिति उत्पन्न हुई। इसके बाद जैसे ही मायावती का भाषण खत्म हुआ, उसके बाद जनसभा की भीड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आ गई। जिसके बाद जाम के हालात उत्पन्न हो गए। जनसभा में आए छोटे वाहन जब जनसभा स्थल से बाहर निकले तो स्थिति और बेकाबू हो गई।
वाहनों का जाम मेरठ एल ब्लाक से आगे निकल गया। वहीं दूसरी ओर यह जाम खरखौदा तक पहुंच गया। जाम को खुलवाने के लिए पुलिस कर्मी काफी मशक्कत करते रहे, लेकिन जनसभा खत्म होने के बाद ये जाम करीब दो घंटे बाद खुला। जनसभा में आयी बसों के अलावा रोडवेज की बसें भी इस जाम में फंसी रही। रोडवेज बस में बैठी सवारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
Updated on:
8 Apr 2019, 10:30 PM IST
Published on:
8 Apr 2019, 10:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.