मेरठ। बसपा से चुनाव जीती मेरठ की मेयर सुनीता वर्मा मंगलवार को निगम के टाउन हॉल के सामने करीब 30 मिनट तक धूप में खड़ी रहीं। उनके साथ उनके समर्थक और बसपा कार्यकर्ता भी थे। मेयर सुनीता वर्मा मंगलवार को टाउनहॉल में कार्यकारिणी की बैठक करने पहुंची थीं। टाउनहॉल का ताला बंद होने के कारण उनको बाहर ही रोक दिया गया। उन्होंने ताला खोलने के लिए मौजूद कर्मचारी से कहा तो कर्मचारी ने चाबी न होेने की बात कही। इसके बाद मेयर सुनीता वर्मा टाउनहॉल के बाहर ही धूप में खड़ी रहीं। उन्होंने वहीं से नगर आयुक्त मनोज चौहान को फोन मिलाया, लेकिन नगर आयुक्त ने उनका फोन नहीं उठाया। मेयर का कहना है कि टाउनहॉल में ताला उनके सामने लगाया गया, जिससे कि वे भीतर न घुस सकें और बैठक नहीं हो पाए।