
मेरठ मर्डर केस अपडेट। फोटो सोर्स-X (@AnjaliKumari009)
Sameer Murder Case Update Meerut: 6 महीने के मासूम समीर की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। जांच के अनुसार, गिरफ्तार महिला शबाना ने इंस्टाग्राम पर रील देखते समय विशाल का नंबर हासिल किया था। शुरुआत में उसने अपना नाम 'मुस्कान' बताया और बाद में विशाल के गांव पहुंचने पर खुद को 'सोनिया' के नाम से परिचित कराया। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की कड़ियां सोशल मीडिया से शुरू हुईं और बाद में मामला एक जघन्य अपराध में बदल गया।
दरअसल, मेरठ में सामने आए एक सनसनीखेज मामले ने मां-बेटे के रिश्ते को लेकर लोगों को झकझोर दिया है। पुलिस की माने तो 6 महीने के मासूम समीर की हत्या उसकी मां और उसके कथित प्रेमी ने मिलकर की। आरोप है कि वारदात के बाद मासूम के शव को नाले में फेंक दिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पूरा मामला मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र की वैशाली कॉलोनी के पास का है, जहां एक नाले से 6 महीने के मासूम समीर का शव बरामद हुआ था। जांच के बाद पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा करते हुए बच्चे की मां शबनम और उसके कथित प्रेमी विशाल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच के मुताबिक, शबाना ने इंस्टाग्राम पर विशाल का संपर्क नंबर मिलने के बाद उससे बातचीत शुरू की। उसने शुरुआत में अपनी असली पहचान छिपाते हुए खुद को मुस्कान बताया। बाद में जब वह विशाल के साथ हापुड़ के मुदाफरा गांव पहुंची तो वहां अपना नाम सोनिया बताया। जांच में यह भी सामने आया कि उसने न तो अपना असली नाम बताया और न ही यह जानकारी दी कि वह पहले से शादीशुदा है और चार बच्चों की मां है।
पुलिस के अनुसार, प्रेमी के साथ मासूम की हत्या के बाद शबाना विशाल के साथ हापुड़ जिले के मुदाफरा गांव चली गई। दोनों करीब 14 दिनों तक वहीं रहे। विशाल ने गांव वालों और रिश्तेदारों से दावा किया कि उसने मेरठ में कोर्ट मैरिज की है। उसने शबाना को अपने ताऊ मुनेश के घर भी ले जाकर परिवार से मिलवाया।
विशाल ने अपने परिजनों और ग्रामीणों को यह नहीं बताया कि महिला का वास्तविक नाम शबाना है और वह पहले से विवाहित है। दूसरी ओर, शबाना भी गांव की महिलाओं के बीच खुद को सोनिया बताकर रह रही थी।दोनों ने अपने संबंधों को कोर्ट मैरिज का रूप देकर लोगों के सामने पेश किया।
नौचंदी थाने में पूछताछ के दौरान पुलिस ने शबाना से उसके किए पर सवाल किया। जब उससे पूछा गया कि खुद के बेटे को प्रेमी के साथ मारते समय तरस नहीं आया? पुलिस के अनुसार, इस पर उसने अपने कृत्य पर पछतावा जताया।
पूछताछ में विशाल ने पुलिस को बताया कि उसने बच्चे को सोते हुए नाले के किनारे रखा था। उसका कहना है कि उसे नहीं पता कि बच्चा नाले में कैसे गिर गया। पुलिस इस बयान की अन्य साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुष्टि कर रही है।
हापुड़ से लौटने के बाद शबाना आसपास के लोगों से बच्चे के बारे में पूछे जाने पर टालमटोल करती रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि उसने किसी को यह एहसास नहीं होने दिया कि मासूम की मौत हो चुकी है। जब पूरे मामले का खुलासा हुआ तो इलाके के लोग भी हैरान रह गए।
पुलिस जांच के दौरान 26 जुलाई को सहारनपुर पुलिस मां और बेटे की तलाश में मुदाफरा गांव पहुंची थी, जहां से शबाना को हिरासत में लिया गया। इसके बाद 29 जुलाई को बच्चे की पहचान के लिए उसकी तस्वीर नौचंदी थाने लाई गई। 30 जुलाई को बच्चे के पिता इमरान और अन्य परिजनों ने फोटो देखकर उसकी पहचान की।
मासूम के पिता इमरान ने बताया कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि उनकी पत्नी इंस्टाग्राम का इस्तेमाल करती है या किसी दूसरे व्यक्ति से संपर्क में है। उनका कहना है कि पुलिस जब शबाना को विशाल के घर से लेकर आई, तब भी उसने बच्चे की हत्या की बात छिपाई थी। इमरान ने यह भी बताया कि उन्होंने मजदूरी करके और कर्ज लेकर पत्नी को मोबाइल फोन दिलाया था, लेकिन कभी कल्पना भी नहीं की थी कि वही मोबाइल उनके परिवार के टूटने की वजह बन जाएगा।
जानकारी के अनुसार, इमरान की पहली पत्नी का निधन हो चुका था। इसके बाद उन्होंने शबाना से दूसरी शादी की थी। शबाना भी पहले से शादीशुदा थी और अपने पहले विवाह से हुए बेटे आहद को साथ लेकर आई थी। इमरान और शबाना के तीन अन्य बच्चे भी हैं।
इमरान ने कहा कि शबाना के मायके वाले उनके घर संवेदना जताने आए थे। परिवार की मांग है कि इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और उन्हें सख्त सजा मिले।
मेरठ के SP सिटी के अनुसार, मामले की जांच के दौरान भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) भी जोड़ी गई है और शबाना का नाम औपचारिक रूप से मामले में शामिल कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में खुले नाले से मासूम का शव मिलने के बाद आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई थी। हालांकि, जिस स्थान से शव मिला, वहां कोई CCTV कैमरा नहीं लगा था। पुलिस उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
संबंधित विषय:
Updated on:
02 Aug 2026 04:56 pm
Published on:
02 Aug 2026 04:56 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
