
बकरीद पर आ रहे हैं यूपी के इस शहर में तो रखें ख्याल, क्योंकि तैयार किया गया रूट प्लान
मेरठ। अगर आप बकरीद (र्इद उल अजहा) की छुट्टी पर आ रहे हैं या फिर शहर में ही घर से बाहर निकलने का प्लान बना रहे हैं तो जरा इस खबर को भी पढ़ लें। आगामी 22 अगस्त को ईद के मौके पर शहर भर में रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। आइये बताते हैं कि क्या होगा रूट डायवर्जन प्लान का स्वरूप और किन-किन रूटाें पर यह होगा लागू। एसपी ट्रैफिक संजीव कुमार बाजपेयी के अनुसार यह रूट डायवर्जन प्लान सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक प्रभावी रहेगा।
मेरठ से दिल्ली-बागपत जाने वाली बसें यहां से जाएंगी
मेरठ में इस बार भी दिल्ली व बागपत की ओर से आने वाली रोडवेज बसें, जिन्हें भैंसाली बस अड्डे पर जाना है वह परतापुर बाईपास से सरधना फ्लाईओवर से कंकरखेड़ा फ्लाईओवर होते हुए बेगमपुल चौराहे से भैंसाली बस अड्डे तक पहुंचेंगी। वापसी का भी यही रूट होगा। जहां से दिल्ली, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर की ओर जाने वाली रोडवेज बसें निकलेंगी।
शोभापुर होते हुए मोदीपुरम बाईपास जाएंगे
दिल्ली-गाजियाबाद की तरफ से आने वाले वाहन जो मुजफ्फरनगर व हरिद्वार और देहरादून जाना चाहते हैं, वे परतापुर तिराहे से बाईपास होते हुए शोभापुर, मोदीपुरम बाईपास होते हुए निकाले जाएंगे। हरिद्वार-देहरादून से आने वाले वाहनों जिन्हें दिल्ली व गाजियाबाद की ओर जाना है वह मोदीपुरम बाईपास से शोभापुर, परतापुर तिराहे से होते हुए सीधे निकाले जाएंगे।
मुजफ्फरनगर से गढ़-मुरादाबाद जाने वाले वाहन
मुजफ्फरनगर की तरफ से आने वाले वाहन जिन्हें गढ़ या मुरादाबाद जाना है उनको कमिश्नर आवास चौराहे से जेल चुंगी होते हुए विश्वविद्यालय रोड से निकाला जाएगा। तेजगढ़ी चौराहे से हापुड़-बुलंदशहर की ओर जाने वाले वाहनों को निकाला जाएगा। ये वाहन एल ब्लॉक से हापुड़ की ओर जाने दिया जाएगा।
यहां नहीं चलेंगे कोई वाहन
दिल्ली चुंगी शारदा रोड व ब्रह्मपुरी चौराहे से भूमिया पुल की ओर किसी भी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। वहीं हापुड़ बस अड्डे से भूमिया पुल की तरफ भी किसी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा। एल ब्लाक तिराहे से हापुड़ अड्डे की ओर भी वाहनों को प्रतिबंधित किया गया है। बागपत स्टैंड (फुटबाल चैक) से ईदगाह, रेलवे रोड की ओर सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। जलीकोठी, रेलवे रोड, ईदगाह की ओर दिल्ली रोड पर सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। ईव्ज चैराहे से हापुड़ अड्डे चौराहे की ओर सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। ईव्ज चौराहे से वाहनों को आंबेडकर चौराहा, सर्किट हाउस की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
Published on:
20 Aug 2018 12:57 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
