
मेरठ। पिछले तीन दिन से लगातार रूक-रूककर हो रही बारिश से जिले का बुरा हाल हो गया है। बारिश के चलते कहीं कच्चे मकान गिर रहे हैं तो कही जलभराव के कारण हालात काफी बुरे हो गए हैं। मेरठ के हस्तिनापुर में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। हथिनी कुंड बैराज से छोड़ा गया पानी आने वाले 8 घंटे बाद हस्तिनापुर पहुंच जाएगा। इसके बाद वहां की स्थिति बेकाबू हो सकती है। प्रशासन ने ग्रामीणों के लिए अलर्ट जारी किया है। साथ ही मौसम विभाग ने वेस्ट यूपी में अगले दो दिन मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी है।
दो दिन होगी मूसलाधार बारिश
तीन दिन से लगातार हो रही रुक-रुककर बारिश ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं और बाजारों की रौनक गायब है। ये परेशानी रविवार और सोमवार तक ऐसे ही बनी रहेगी क्योंकि मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी है। इस दौरान लोगों को घर से बाहर नहीं निकलने की अपील भी की है। मानसून का सबसे ज्यादा असर बंगाल और असम में देखने को मिल रहा है। वहीं, प्रदेश में पूरब के जिलों की स्थिति भी काफी खराब हो चुकी है।
एक दिन में रिकार्ड तोड़ बारिश
प्रदेश के मौसम विभाग के अनुसार आगरा में सर्वाधिक बारिश एक दिन में रिकार्ड की गई है। बीती शनिवार को आगरा में 13 मिमी, मुरादाबाद में 11 मिमी और मेरठ में एक दिन में 7 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। इससे तापमान में भी काफी बदलाव आया है। शुक्रवार को मेरठ में अधिकतम तापमान 31.8 रहा तो शनिवार को यह 28.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। रविवार की सुबह को अधिकतम तापमान 29 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार रविवार और सोमवार को मूसलाधार बारिश होने की प्रबल संभावना है।
Published on:
18 Aug 2019, 12:23 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.