
पति सौरभ को मारकर नीले ड्रम में भरने वाली मुस्कान के मामले में बड़ा अपडेट। फोटो सोर्स- पत्रिका न्यूज
Muskan Blue Drum Case Update:यूपी के मेरठ के चर्चित सौरभ हत्याकांड में शनिवार को अहम सुनवाई होने जा रही है, लेकिन हत्यारोपी मुस्कान और उसके साथी साहिल शुक्ला को कोर्ट में नहीं लाया जाएगा। सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए अदालत ने दोनों आरोपियों की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कराने का निर्णय लिया है। इस दौरान अदालत दोनों से गवाहों के बयानों और अब तक जुटाए गए साक्ष्यों को लेकर सवाल करेगी।
जिला शासकीय अधिवक्ता कृष्ण कुमार चौबे के अनुसार, इस मामले में सभी गवाहों के बयान पहले ही दर्ज किए जा चुके हैं। अब अदालत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 351 (पूर्व में सीआरपीसी की धारा 313) के तहत आरोपियों से सवाल-जवाब कर रही है। इस प्रक्रिया में आरोपियों को उनके खिलाफ मौजूद साक्ष्यों पर अपनी सफाई देने का मौका दिया जाता है।
जांच के दौरान सामने आया कि 3 मार्च 2025 की रात सौरभ की हत्या करने के बाद उसकी पत्नी मुस्कान और उसका प्रेमी साहिल शुक्ला हिमाचल प्रदेश घूमने चले गए थे। यह घटना पहले से ही बेहद सनसनीखेज रही है, क्योंकि हत्या के तुरंत बाद आरोपियों का इस तरह बाहर जाना पुलिस के लिए भी चौंकाने वाला था।
हिमाचल से लौटने के बाद दोनों आरोपियों को मेरठ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। 19 मार्च 2025 को उन्हें अदालत में पेश किया गया। उस समय इस हत्याकांड को लेकर आम जनता और वकीलों में भारी आक्रोश देखने को मिला था।
जब दोनों आरोपियों को पहली बार कोर्ट लाया गया, तो गुस्साए वकीलों ने साहिल शुक्ला के साथ मारपीट कर दी थी। इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए थे। इसके बाद से अदालत और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया।
घटना के बाद से यह तय किया गया है कि आरोपियों को केवल अदालत के विशेष आदेश पर ही फिजिकल रूप से कोर्ट में पेश किया जाएगा। फिलहाल उनकी पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ही कराई जा रही है, जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
अब मामला अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। यदि आरोपी पूछे गए सवालों के जवाब में कोई ठोस साक्ष्य या गवाह पेश नहीं करते हैं, तो इसके बाद अदालत में अंतिम बहस शुरू होगी। अंतिम बहस के बाद कोर्ट इस बहुचर्चित मामले में अपना फैसला सुनाएगा।
सौरभ हत्याकांड ने पूरे मेरठ समेत प्रदेश भर में लोगों को झकझोर कर रख दिया था। मुस्कान ने सौरभ की हत्या के बाद उसकी लाश को नीले ड्रम में भर दिया था। अब जब मामला अंतिम दौर में है, तो सभी की नजरें अदालत के फैसले पर टिकी हुई हैं।
संबंधित विषय:
Updated on:
18 Apr 2026 10:39 am
Published on:
18 Apr 2026 10:39 am
बड़ी खबरें
View Allमेरठ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
