
ट्रिप पर गई छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में आया नया मोड, कालेज के छात्रों ने जारी किया ये वीडियो
मेरठ। मेरठ के एक इंस्टीट्यूट की छात्रा के साथ छेड़छाड़ मामला गरमाने के बाद अब एक नया मोड़ आया है। जिसमें एक वीडियो जारी किया गया है। इस वीडियो को कालेज के छात्रों ने ही जारी किया है। बता दें कि मेरठ के एक इंस्टीट्यूट की छात्रा के एक ट्वीट ने माहौल और गरमा दिया है। छात्रा ने ट्वीट कर कहा कि आगरा गए कॉलेज ट्रिप के दौरान कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने उसके साथ बदसुलूकी की। इसे लेकर विपक्ष के नेता-कार्यकर्ताओं समेत तीस्ता सीतलवाड़ और शशि थरूर तक छात्रा के समर्थन में उतर पड़े। मामला बढ़ने पर गुरुवार को कॉलेज प्रबंधन ने जांच बैठा दी। कॉलेज की महिला शिकायत निवारण सेल जांच में जुट गई है। वहीं कालेज प्रशासन ने आरोपी सभी छात्रों के कालेज में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। जब तक कि जांच पूरी नहीं हो जाती छात्र निलंबित ही रहेंगे। हालांकि, एक अन्य ट्वीट में छात्रा ने कहा है कि कुछ छात्र उसके सपोर्ट में आए। छात्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी ट्वीट किया है और हिंदुत्व, मॉब लिंचिंग जैसे मामलों के लिए दोषी ठहराया है। कालेज के प्रवक्ता विनीत कौशिक ने बताया कि टूर पर गए सभी लोग इस तरह की किसी भी घटना से इनकार कर रहे हैं। वैसे हमने इस मामले में जांच बैठा दी है। एक महिला विंग का गठन किया गया है। वह विंग पूरे मामले की जांच कर रही है।
छात्रा ने ये किया था ट्वीट
घटना का जिक्र करते हुए पीड़िता ने ट्वीट किया कि 2 अप्रैल को मैं कॉलेज ट्रिप पर आगरा गई थी। मैं 55 छात्रों में एक मात्र मुस्लिम छात्रा थी। हमारे साथ 4 फैकल्टी मेंबर भी थे, जिसमें 2 पुरुष थे। शराब पीने के बाद छात्रों ने घटिया हरकतें शुरू कर दीं और उन्होंने मुझे टारगेट बनाया। उसने ट्विटर पर लिखा कि वह कुछ सामान लेकर आए थे जैसे बीजेपी की टोपियां वगैरह और उन्होंने मुझे इससे पहनने के लिए दबाव बनाया जब मैंने इनकार कर दिया तो उन्होंने मुझसे बदतमीजी शुरू कर दी। उन्होंने गलत तरीके से मुझे छूना शुरू किया और यह सब कुछ बस में घटित हो रहा था जिसमें दो पुरुष फैकल्टी सदस्य भी मौजूद थे, लेकिन उन्होंने यह सब इग्नोर किया।
Updated on:
5 Apr 2019, 6:46 PM IST
Published on:
5 Apr 2019, 6:46 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.