
मेरठ। मेरठ में तीन तलाक का एक और अनोखा मामला सामने आया है। जिसमें पंचायत ने अजीबोगरीब फैसला सुनाते हुए आरोपी को फरमान जारी किया कि वह तलाशशुदा पत्नी को 20 लाख रुपये अदा करे। पत्नी की सगी बहन का निकाह भी आरोपी पति के भाई से हुआ है। उसका भी तलाक कराने का फैसला पंचायत में हुआ। थाना लिसाड़ी गेट अंतर्गत मोमीनगर में कई घंटे पंचायत चलती रही, लेकिन थाना पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। पंचायत में आरोपी भी मौजूद था उसके खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज है। पुलिस यह कहकर भगा देती कि वह अभी फरार है। जब हाथ आएगा पकड़ लेंगे।
पत्नी और सास के साथ की थी मारपीट
बता दें कि बीती 18 अगस्त को एक युवक ने अपनी पत्नी की पिटाई की थी। उसने अपनी सास की भी पिटाई की थी। युवक ने सास और पत्नी को कमरे में बंद कर बेल्ट से जमकर पीटा था। इसके बाद युवक ने पत्नी को तलाक दे दिया था। उत्पाती युवक को उसके मोहल्लेवासियों ने चारपाई से भी बांध दिया था। युवक की शिकायत थाने में की गई थी। तहरीर और रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी युवक को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई थी।
रिश्तेदारों ने मिलकर की थी पंचायत
युवक और उसकी तलाक शुदा पत्नी के रिश्तेदारों ने मिलकर पंचायत की। कई घंटे चली पंचायत में तय हुआ कि आरोपी युवक अपनी पत्नी को तलाक देने की एवज में 20 लाख रुपये देगा। आरोपी के भाई का निकाह पीड़िता की सगी बहन के साथ हुआ है। पंचायत में यह भी तय हुआ कि दूसरी बहन का भी तलाक कराया जाएगा। इतना सब कुछ हो जाने के बाद भी थाना पुलिस को पंचायत की कोई जानकारी नहीं हुई। थाना लिसाड़ी गेट पुलिस ने पूरे मामले में अनभिज्ञता प्रकट की। वहीं एसपी सिटी डा. एएन सिंह का कहना था कि इसकी जानकारी उनको भी नहीं है, थाना पुलिस से इस प्रकरण में बात की जाएगी।
Published on:
23 Aug 2019, 10:47 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.