मेरठ। अगर आप नए साल पर अपने किसी अजीज को नए साल का कलेंडर या फिर डायरी देने का प्लान बना रहे हैं तो आपका यह प्लान आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है, क्योंकि अब कागजों के दाम आसमान छू रहे हैं। जिसके कारण डायरी, कापी, किताब और रिम के साथ ही फोटो स्टेट की दुकान पर भी इसका गहरा असर पड़ा है। यह नौबत कागज बनाने वाली फैक्ट्री से कागज की दरें महंगी होने के कारण आई है। जिसके कारण इसकी मार आम आदमी की जेब पर भी पड़ रही है। फोटो स्टेट और अन्य कामों में ए 4 साइड का कागज सर्वाधिक प्रयोग किया जाता हैै। इसके एक पैकेट की कीमत में अब दो सौ से तीन सौ रूपये की वृद्धि हुई है। जिसके चलते फोटो स्टेट की दुकान वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाजार में ए-4 साइज के कागज और कंप्यूटर प्रिंटिंग पेपर की मांग सर्वाधिक होती है। रिटेलरों के अनुसार कुछ दिनों के भीतर कागजों के दरों में इजाफा हुआ है। जिससे आने वाले दिनों में कागज भी रिकॉर्ड स्तर को छू सकता है।