मेरठ. मुरादनगर के जिस गंगनहर को कुछ किथत बाबाओं ने छोटा हरिद्वार के नाम से स्थापित कर दिया है, वहां गोताखोरों ने अपनी पकड़ इस कद्र मजबूत कर ली है, कि पुलिस प्रशासन भी उनके आगे बेबस नजर आ रहा है। पत्रिका की टीम ने जब मुरादनगर की नहर पर जाकर इसकी पड़ताल की तो चौंकाने वाली जानकारी हाथ लगी। दरअसल, मुरादनगर की इस नहर के घाट भले ही आपको शांत दिखे, लेकिन इस नहर के किनारे बने घाट पर गोताखोरों के गुरोहों का हर पल कब्जा रहता है। ये लोग यहां आठ से दस लोगों के ग्रुप में रहते हैं। ये लोग यहां घाटों को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर उस पर कब्जा कर लेते हैं। हर हिस्से पर गोताखोरों के एक ग्रुप की नजर होती है। गोताखोर ग्रुप के सदस्य दूर से अपने-अपने क्षेत्र के घाट पर नजर रखते हैं। जैसे ही उनका शिकार आता है। वे तुरंत एक्टिव हो जाते हैं। शिकार से मतलब सोने के आभूषण पहने किसी महिला या पुरूष है। ऐसे श्रद्धालु इनके चंगुल से बच नहीं पाते हैं। ये हम नहीं कह रहे। ये कहना है, यहा पर बने ढाबे पर काम करने वाले एक युवक का।