मेरठ। गोकशों और पशु तस्करों के लिए खाकी इन दिनों काल बनी हुई है। पिछले एक सप्ताह में खाकी ने करीब चार पशु तस्करों को अपनी गोली का निशाना बनाया है, जिससे गोकशी करने वाले और पशु तस्करों के हौसले पस्त हुए हैं। बदमाशाें के खिलाफ चल रहा मेरठ पुलिस का ऑपरेशन क्लीन लगातार जारी है। पिछले एक सप्ताह से लगातार चल रही ताबड़तोड़ मुठभेड़ों के आपरेशन में कई बदमाश भी पुलिस की गोली से जख्मी होकर सलाखों के पीछे गए हैं। इसी कड़ी में एक बार फिर देहात क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। करीब आधा घंटे चली इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस की बुलेट एक गोकश के पैर में लगी। जिससे वह घायल हो गया। जबकि उसका एक अन्य साथी भाग निकला। हालांकि भागे हुए बदमाश की पकड़ में खाकी दबिश दे रही है, लेकिन वह पुलिस की गिरफ्त से काफी दूर निकल गया। घायल बदमाश से उसके बारे में पता किया जा रहा है।