
photo
मेरठ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आैर ज्योतिरादित्य सिंधिया बुधवार को भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर से मिलने मेरठ पहुंचे। अस्पताल में चंद्रशेखर से मिलने से पहले प्रियंका ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह मुलाकात गैर राजनीतिक है। उन्होंने कहा मुझे चंद्रशेखर की हिम्मत पसंद है। उसका संघर्ष पसंद है, वह अपनी आवाज उठा रहे हैं। उनकी यह आवाज उठाने देनी चाहिए। उन्हें संघर्ष करने देना चाहिए। चंद्रशेखर को जेल में बंद किए जाने पर प्रियंका ने उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि योगी सरकार अहंकारी बन गई है।
इस दौरान अस्पताल के बाहर कांग्रेसियों और भीम आर्मी के समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही। साथ ही सड़कों पर भी भारी जाम लग गया। दरअसल, भीम आर्मी की रैली के दौरान पुलिस ने मंग उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। इस दौरान उनकी तबियत बिगड़ गई थी। जिसके बाद उन्हें मेरठ हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था।
वहीं हायर सेंटर के बाहर भीम आर्मी समर्थकों व कार्यकर्ताओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन व पुलिस ने उन्हें दिल्ली शिफ्ट करने की बात कहकर निकले। हालांकि उन्हें बाद में मेरठ के ही एक नीजी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। जहां उनसे मिलने प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया पहुंचे। इसके साथ ही अब चर्चाओं का बाजार भी गर्म हो गया है। लोग इस मुलाकात को लोकसभा चुनाव से भी जोड़कर देख रहे हैं।
गौरतलब है कि मंगलवार को भीम आर्मी द्वारा देवबंद में एक रैली निकाली गई। जिसके चलते चंद्रशेखर को पुलिस ने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने पर गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उनकी तबियत खराब होने पर उन्हें मेरठ हायर सेंटर में भर्ती करा दिया गया। वहीं पुलिस ने चंद्रशेखर समेत भीम आर्मी के करीब 150लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया है।
Updated on:
13 Mar 2019 06:55 pm
Published on:
13 Mar 2019 05:25 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
