
2019 लोकसभा चुनाव में गठबंधन के ऐलान के बाद सपा-बसपा और रालोद ने भाजपा के खिलाफ तैयार किया ये बड़ा प्लान
मेरठ। अगामी 2019 लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सभी पार्टियां जोर-शोर से तैयारियों में जुट गई हैं। वहीं भाजपा के खिलाफ यूपी में गठबंधन का भी ऐलान हो गया है। जिसके चलते समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और रालोद ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए तीनों पार्टियों ने मिलकर प्लान तैयार किया है जिससे भाजपा को अगामी चुनाव में मात दी जा सके।
दरअसल, तीनों दल के नेता विधानसभा क्षेत्र स्तर पर संयुक्त बैठक कर एकजुटता का संदेश देने के लिए प्रस्तावित जातिवार सम्मेलनों में भी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मंच साझा करेंगे। समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री चौधरी राजपाल सिंह का कहना है कि पार्टी से निर्देश मिले हैं कि अब से तीनों दल अपने कार्यकर्ताओं में एकता का संदेश दें, ताकि महागठबंधन के प्रत्याशी के लिए तीनों दल एक साथ जान फूंक सकें।
चौधरी का कहना है कि निर्देश मिले हैं कि चुनाव को लेकर होने वाले हर सम्मेलन, रोड शो, सभा और चौपाल में मंच को भी तीनों दलों के कार्यकर्ता साझा करें। अब से जो भी चुनावी कार्यक्रम होंगे, वह संयुक्त रूप से ही आयोजित किए जाएंगे। अभी एसपी के सेक्टर प्रभारी और अध्यक्षों की विधानसभावार बैठक चल रही हैं। ऐसा कर तीनों दल अपने समर्थकों व कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश देंगे और भाजपा को भी ताकत का अहसास कराया जा सकेगा।
वहीं बसपा के जोनल कोऑर्डिनेटर शाहजहां सैफी का कहना है कि पार्टी के प्रत्येक प्रोग्राम में अब से तीनों दलों के नेताओं की मौजूदगी रहने लगी हैं। बसपा हाईकमान चाहता है कि भाजपा के खिलाफ मजबूत और टिकाऊ महागठबंधन की तस्वीर लोगों के बीच जाए, ताकि भाजपा को किसी तरह के सवाल उठाने की गुंजाइश न रहे।
Published on:
01 Mar 2019 02:38 pm
