
मेरठ. उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले का सोतीगंज जो कि चोरी के वाहनों को खपाने का सबसे बड़ा बाजार माना जाता है। यहां पर दिल्ली ही नहीं देश के अन्य प्रांतों से भी चोरी के वाहन लाकर बेंचे जाते हैं। इन चोरी के वाहनों के खरीद का सबसे बड़ा सौदागर हाजी गल्ला पर पुलिस का शिकंजा और कस गया है। पुलिस ने हाजी गल्ला पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
कभी बोलती थी हाजी गल्ला की तूती
हाजी गल्ला की कभी वाहन चोरी के बाजार सोतीगंज में तूती बोलती थी। लेकिन इस समय वह पुलिस की सख्ती के चलते फरार चल रहा है। सोतीगंज में चोरी के ट्राले से लेकर मोपेड तक 5 मिनट में खप जाया करती थी। चोरी के इन वाहनों का कटान हाजी गल्ला की सरपरस्ती में होता था। हाजी गल्ला की हनक इतनी थी कि वह सदर थाने में बेखौफ घुस जाया करता था। जिस थाने में हाजी गल्ला बैठकर चाय पिया करता था वहां पर आज उसके इनामी पोस्टर लगे हुए हैं।
25 हजार का इनाम घोषित
गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में आरोपी बनाए गए हाजी गल्ला पर एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है, जबकि एक और कबाड़ी इकबाल की फाइल तैयार है। दोनों के खिलाफ वारंट जारी कराने के लिए अदालत में अर्जी लगा दी गई है। साथ ही उनके स्वजन की धरपकड़ के लिए घरों पर दबिश जी जा रही है।
कबाड़ियों पर कसा शिकंजा
मेरठ के सोतीगंज कबाड़ी बाजार में चोरी के वाहनों का कटान रोकने के लिए एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने कबाड़ियों पर शिकंजा कसा है। पुलिस रिकार्ड में दर्ज चोरी के वाहन कटाने वाले हाजी नईम उर्फ गल्ला और इकबाल के परिजनों सहित 14 कबाडिय़ों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की जा चुकी है। इनमें से अधिकांश कबाड़ी फरार हैं। फरार आरोपियों की कुर्की के लिए कोर्ट में पुलिस की तरफ से अर्जी लगा दी गई है। साथ ही गैंगस्टर एक्ट में 14 (1) सीआरपीसी में कार्रवाई करते हुए पुलिस आरोपितों की संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
कोर्ट से संपत्ति कुर्क करने की मांग
इसके बाद भी हाजी गल्ला और इकबाल फरार हैं। लगातार दबिश के बाद भी उनकी गिरफ्तारी नहीं हो पा रही है। गल्ला और इकबाल के बेटों पर भी पुलिस इनाम घोषित करने की तैयारी में है। दोनों के खिलाफ कोर्ट में वारंट की अर्जी भी लगा दी है। इंस्पेक्टर ब्रिजेश कुशवाह का कहना है कि कोर्ट से दोनों की संपत्ति कुर्क करने की मांग की गई है। कोर्ट का आदेश मिलने के बाद संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी की जाएगी। दोनों से संपर्क भी किया जा रहा है। स्वजन भी पुलिस की सहायता नहीं कर रहे हैं।
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि हाजी गल्ला और इकबाल समेत गैंगस्टर एक्ट में आरोपी बनाए गए कबाड़िय़ों की फरारी पर संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जा रही है। गल्ला की फरारी पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया है। अन्य पर भी इनाम घोषित करने की कार्रवाई की जा रही है।
BY: KP Tripathi
Published on:
16 Sep 2021, 10:43 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.