
मेरठ. सेवानिवृत्त सूबेदार कृष्णपाल अपने परिवार के साथ गांव से दीपावली पर पूजन के बाद मेरठ पर लौट रहे थे। जिसके चलते वह जैसे ही एनएच-58 हाईवे पर संस्कृति रिसोर्ट के सामने पहुंचे तो एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। तीनों ट्रक के टायर के नीचे घिसटते चले गए और दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे को देखने वालों की भी रूह कांप गई। इसके बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। कृष्णपाल की जेब में मिले मोबाइल में अंतिम कॉल वाले नंबर पर पुलिस ने संपर्क किया तो शिनाख्त हुई।
पुलिस ने बताया कि कृष्णपाल ने हेलमेट भी लगा रखा था, लेकिन हादसा इतना भीषण था कि तीनों के शरीर के चिथड़े हो गए। मिली जानकारी के मुताबिक फौज से सेवानिवृत होने के बाद कृष्णपाल मोदीनगर में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी कर रहे थे। हादसे के बाद से कृष्णपाल के पैतृक गांव धनौरा में मातम छाया हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया हादसे का हाल
वहीं प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तीनों बाइक से परतापुर की तरफ जा रहे थे। ट्रक ने पीछे से टक्कर मारी तो बाइक एक तरफ गिर गई और यह तीनों ट्रक के नीचे आ गए। टक्कर लगते ही तीनों ट्रक के पहिये में लिपटते चले गए। कृष्णपाल ने हेलमेट लगा रखा था जो हादसे में चकनाचूर हो गया।
वहीं जब पुलिस ने उस नंबर पर कॉल किया तो मृतक की भतीजी ने फोन उठाया। जिसके बाद कृष्णपाल का भतीजा और गांव के तीन लोग बागपत से मेरठ पहुंचे। परिवार के लोगों के शवों की हालत देख भतीजा भी बेहोश हो गया। इसके साथ ही पुलिस ने बताया कि शवों को मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
Published on:
9 Nov 2021, 2:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.