
सरधना में बच्चे की मौत के बाद भीड़ ने क्लीनिक में की तोड़फोड़, डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप
मेरठ। सरधना अभी प्रेमी युगलों द्वारा जहर खाने से हुई मौत के बाद बवाल से झुलस ही रहा है कि एक और घटना ने नगर का माहौल खराब करने में आग में घी का काम कर दिया। मामला बुखार के चलते उपचार के दौरान बच्चे की मौत का है। बच्चे की मौत से गुस्साई भीड़ ने न केवल क्लीनिक में तोड़फोड़ की बल्कि जो भी सामने मिला, उसको ही पीट दिया। इस दौरान लोगों ने क्लीनिक में आग लगाने की भी कोशिश की। हंगामे के थोड़ी ही देर में सड़क सुनसान हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात पर काबू किया। बच्चे की मौत से उसके परिजनों में मातम का माहौल है। डॉक्टर ने क्लीनिक पर हमला करने वालों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बुखार की चपेट में आ गया था बच्चा
सरधना के मोहल्ला इंद्रा नगर निवासी एक शख्स का सात वर्षीय बेटा रिहान चार दिन पूर्व बुखार की चपेट में आ गया था। शुक्रवार देर रात उपचार के दौरान मेरठ के एक निजी अस्पताल में उसकी मौत हो गई। इसके बाद भीड़ ने सरधना में तहसील रोड पर डॉ. आरिफ के क्लीनिक में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। आरोप है कि डॉ. आरिफ ने इलाज में लापरवाही बरती। उधर, डॉ. आरिफ ने बताया कि वह मेरठ गए हुए थे। उनके पीछे क्लीनिक में तोड़फोड़ की गई है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है।
यह भी देखें-मासूम के लिए मीडिया कर्मियों का कैंडल मार्च
चार दिन पहले खराब हुई थी तबियत
डॉ. आरिफ ने बताया कि बच्चे की तबियत चार दिन पहले खराब हुई थी। जिस समय बच्चे के परिजन आए थे, उस समय वह क्लीनिक पर नहीं थे। अगले दिन वे बच्चे को लेकर फिर आए। बच्चे को देखा और दवा देकर भेज दिया था। इसके बाद शुक्रवार सुबह बच्चे को लाया गया। बच्चे के साथ आए लोगों ने घर में घुसकर गालियां दी। बच्चे की हालत गंभीर थी। उसको मेरठ ले जाने की सलाह दी गई थी। रात को पता चला कि बच्चे की उपचार के दौरान मेरठ के अस्पताल में मौत हो गई है। इस मामले की थाने में तहरीर दे दी गई है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पहचान कर हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
Published on:
8 Sep 2018, 4:20 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.