मेरठ। पिछली बार की तरह इस बार भी कांवड़ यात्रा में सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जलवा कायम है। कांवड़ियों की पसंद को देखते हुए बाजार में योगी की फोटो प्रिंट टी शर्ट उतारी गई हैं। इस टीशर्ट की डिमांड इस कदर है कि दुकानदारों को दोबारा ऑर्डर देकर टी शर्ट मंगानी पड़ रही है। कांवड़ यात्रा शुरू हो चुकी है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर कांवड़ियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। बड़ी संख्या में स्थानीय कांवड़िएं गंगाजल भरकर कांवड़ लाने के लिए हरिद्वार की ओर रवाना भी हो रहे हैं। ऐसे में बाजार में कांवड़ियों की जरुरत के सामान खूब बिक रहा है। इस बार जो टी शर्ट मार्केट में आई है, उस पर सीएम आदित्यनाथ की फोटो प्रिंट है। यह कांवड़ियों को खूब पसंद आ रही है। टी शर्ट पर आस्था और भक्ति के साथ देशभक्ति का रंग भी दिखाई दे रहा है। ऐसी भी टी शर्ट मार्केट में मौजूद हैं, जिन पर भोले बाबा और श्री राम के अलावा तिरंगा झंड़ा भी प्रिंट है। कावंड़ियों की ड्रेस बेचने वाले शाहरूख और सुदेशपाल का कहना है कि इस बार कांवड़ियों की संख्या ज्यादा हैं, इसलिए बिक्री भी अच्छी हो रही है।