योगी सरकार ने पश्चिम (West UP) आैर पूर्वी उत्तर प्रदेश (East UP) के बीच बेहतर कनेक्टिविटी के लिए जनवरी 2019 में गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण की घोषणा की थी। इससे उत्तर प्रदेश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क बढ़ेगा। गंगा एक्सप्रेस-वे मेरठ, अमरोहा, बुलंदशहर, बदायूं, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद, हरदोई, कन्नौज, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ होते हुए प्रयागराज तक रहेगा। इस परियोजना के निर्माण में 36 हजार करोड़ की लागत आएगी। इसके अलावा 6,556 हेक्टेयर भूमि की जरूरत होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने गंगा एक्सप्रेस-वे की घोषणा करते समय दुनिया के सबसे लंबे एक्सप्रेस-वे होने की बात कही थी। इस परियोजना को चार-लेन के रूप में बनाया जाएगा। इसके बाद इसे छह-लेन तक विस्तारित किया जाएगा। गंगा एक्सप्रेस-वे आपातकालीन हवार्इ सेवा (Emergency Air Service) के रूप में भी काम करेगा।