केपी त्रिपाठी, मेरठ। एपल के मैनेजर विवेक तिवारी हत्याकांड में मुख्य आरोपी कांस्टेबल प्रशांत चौधरी को निर्दोष साबित करने के लिए रिश्तेदारों की फौज भी लखनऊ पहुंच चुकी है। घटना के तीसरे दिन से ही हत्यारोपी कांस्टेबल प्रशांत चौधरी के ससुर और उसके रिश्तेदारों ने उसको निर्दोष साबित करने के लिए लखनऊ में मोर्चा खोल दिया है। बताते चलें कि प्रशांत की ससुराल मेरठ के भदौड़ा गांव में है। वही भदौड़ा गांव जहां का कुख्यात योगेश भदौड़ा है। योगेश भदौड़ा जेल में बंद है। प्रशांत की पत्नी राखी मलिक इसी भदौड़ा गांव के रहने वाले भोपाल मलिक की बेटी है। भोपाल ने कहा कि वे तब तक गांव नहीं आएंगे जब तक कि उनका दामाद जेल से छूट नहीं जाता। उन्होंने बताया कि वह अपने दामाद को निर्दोष साबित करने के लिए कुछ भी करेंगे। भोपाल मलिक ने कहा कि किसी ने उनके दामाद को फंसाने के लिए साजिश रची है। उनका दामाद प्रशांत ऐसा नहीं कर सकता। वह शांत स्वभाव का है। उन्होंने कहा कि उनके दामाद ने तो कभी उनसे आंख उठाकर बात भी नहीं की तो वह किसी की हत्या कैसे कर सकता है। हत्यारोपी प्रशांत के ससुर ने बताया कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलेंगे और उनसे मिलकर न्याय की मांग करेंगे।