
मेरठ। वेस्ट यूपी-एनसीआर में गर्मी से लोग एक बार फिर बिलबिला रहे हैं। इस महीने के शुरू में बारिश के बाद बदले मौसम के बाद लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली थी, लेकिन इसके बाद मौसम फिर बदल गया और तापमान में छह डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो गई। गर्मी-उमस से परेशान लोग फिर बारिश चाहते हैं। मेरठ व आसपास अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री है। मौसम वैज्ञानिकों ने बढ़ती गर्मी और उमस से लोगों को जल्द राहत मिलने की संभावना जताई है।
25 से 27 अगस्त तक तेज बारिश
मोदीपुरम स्थित आईआईएफएसआर के मौसम वैज्ञानिक डा. एन सुभाष का कहना है कि मौसम शुष्क होने से उमस बढ़ी है। अगले 24 घंटे में 25 से 27 अगस्त तक भारी बारिश होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि मेरठ व आसपास के जिलों में पिछले दिनों में काफी परिवर्तन देखने को मिला है। अगस्त के शुरू में बारिश और फिर उमस से तापमान में अनिश्चितता देखने को मिली है। 25 से 27 अगस्त की बारिश के बाद तापमान में स्थिरता आएगी।
यहां बाढ़ की स्थिति बनी हुई
मेरठ के हस्तिनापुर में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। हथिनी कुंड बैराज से छोड़े गए पानी से यहां के दर्जनों गांवों में पानी पहुंच गया है। प्रशासन ने ग्रामीणों के लिए अलर्ट जारी कर रखा है। साथ ही मौसम विभाग की नई चेतावनी के बाद यहां के निवासियों को सुरक्षित स्थान पर चले जाने को कहा गया है। वैसे इस बार मेरठ समेत वेस्ट यूपी के अन्य जनपदों व एनसीआर में औसत सेे अच्छी बारिश हुई है। मानसून के देरी से पहुंचने पर जून में जहां कम बारिश हुई थी तो जुलाई में अच्छी बारिश हुई। अब अगस्त में हुई बारिश के बाद इस साल कुल औसत से ज्यादा बारिश होनी रिकार्ड की गई है।
Published on:
24 Aug 2019, 10:11 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.