
पश्चिम यूपी में दो दिन बारिश के आसार
UP Weather Forecast : अरब सागर से उठे चक्रवात तूफान बिपरजॉय ने गुजारात में तबाही मचाई। तूफान बिपरजॉय अब पाकिस्तान की तरफ चला गया है। लेकिन उसका असर अभी देश के मौसम में पड़ेगा। यूपी के मौसम में बिपरजाय का असर आज शाम से दिखना शुरू होगा।
हालांकि कल शुक्रवार को मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा आदि जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश भी हुई। आज भी सुबह से मौसम काफी अच्छा है। लेकिन हवा की तीव्रता कम होने के कारण उमस का असर बरकरार है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष के मुताबिक मेरठ और पश्चिम यूपी के जिलों में 18 और 19 जून को हल्की बारिश का अनुमान है। बारिश से तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी।
उन्होंने बताया कि तूफान बिपरजॉय अब राजस्थान से होता हुआ पाकिस्तान में प्रवेश कर गया है। हालांकि तूफान बिपरजॉय का असर अब काफी कम हो गया है। लेकिन इससे यूपी मौसम में परिवर्तन आया है। जिसके चलते पश्चिम से पूरब तक हल्की बारिश और तेज हवाओं के चलने का अनुमान है।
उन्होंने कहा कि तापमान में हालांकि थोड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी। लेकिन न्यूनतम तापमान पर इसका कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ेगा। आज दिन में हल्की तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा। तापमान 38— 40 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान 28 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम में आर्द्रता 35 प्रतिशत रहेंगी।
मई माह में मौसम काफी अच्छा रहा। मौसम में बने कई पश्चिम विक्षोभ के चलते तापमान पर ब्रेक लगा रहा। जिससे लोगों को गर्मी का अहसास कम हुआ। जून के दूसरे सप्ताह से आए मौसम में बदलाव से गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू किया। तापमान बढ़ने और हवा शुष्क होने से कई जिलों में लू का प्रकोप अभी भी बना हुआ है।
जून माह में इस बार एक भी पश्चिम विक्षोभ नहीं होने से बारिश की संभावना ना के बराबर ही रही। तूफान बिपरजॉय के गुजारात और राजस्थान में दाखिल होने का असर यूपी के मौसम पर भी दिखाई दे रहा है।
Published on:
17 Jun 2023, 8:13 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.