ब्रहमपुरी क्षेत्र में एक महिला द्वारा पड़ोसी युवक पर अपनी पुत्री के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाने के बाद बुधवार को पुलिस ने चौकी में दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। उधर, आरोपी युवक ने घर जाते ही जहर खा लिया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने युवक को झूठे मामले में फंसाया, जिसके चलते हुई बदनामी के कारण क्षुब्ध होकर युवक ने आत्मघाती कदम उठाया है। जानकारी के अनुसार माधवपुरम सेक्टर तीन में अरविंद शर्मा का परिवार रहता है। अरविंद पेशे से ट्रक चालक है। अरविंद के मुताबिक उनके पड़ोस में रहने वाली संप्रदाय विशेष की एक महिला से मंगलवार को उनका मामूली विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद उक्त महिला ने अरविंद के पुत्र अंकित शर्मा पर अपनी पुत्री के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए माधवपुरम चौकी में तहरीर दे दी। जिसके बाद पुलिस आनन-फानन में अंकित को घर से उठाकर ले गई।