
पिता ने 12 साल की बच्ची का किया अंगदान, 5 लोगों को दी नई जिंदगी
नई दिल्ली। इस भागदौड़ भरी दुनिया में किसी के पास भी समय नहीं है। सब अपनी जिंदगी में ही व्यस्त हैं। लेकिन कोई मरते-मरते भी किसी के काम आ जाए तो इससे अच्छी क्या बात होगी। पुणे में एक ऐसी ही मिसाल देखने को मिली। जब एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति ने अपनी मां और दो बच्चों को खो दिया। घर वालों को खोने के बाद व्यक्ति ने समझदारी और सब्र दिखाते हुए अपनी बेटी का अंगदान कर कई लोगों की जिंदगी बचा ली।
पूरा परिवार कार से पुणे जा रहा था
इंसानियत की मिसाल कायम करने वाले इस व्यक्ति का नाम इल्प्पा शांताराम आरोटे है। वह अपने पूरे परिवार के साथ कार से पुणे जा रहे थें। कार चलाते वक्त चालक की आंख लग गई, जिसकी वजह से कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। खाई में गिरने की वजह से कार चालक सहित इलप्पा के एक बेटे और मां की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी और 12 साल की बेटी गंभीर रुप से घायल हो गए।
डॉक्टरों ने बच्ची का ब्रेन डेड बताया
इलप्पा ने अपनी बेटी को गंभीर अवस्था में पुणे में भर्ती कराया। लेकिन बच्ची की बिगड़ती हालत को देख डॉक्टरों ने उसे मुंबई के कोहिनूर अस्पताल भेज दिया। बच्ची का अस्पताल में 8 दिन तक इलाज चलता रहा, लेकिन इलाज के बाद डॉक्टरों ने मंगलवार को उसका ब्रेन डेड घोषित कर दिया।
अंगदान करने का दिया सुझाव
ब्रेन डेड होने के बाद डॉक्टरों ने इलप्पा को सुझाव दिया कि वह अपनी बेटी का अंगदान करें और दूसरों की जिंदगी बचाए। इलप्पा ने सुझाव को गंभीरता से लिया और अंगदान का फैसला किया। उन्होंने अपनी 12 साल की बच्ची की दोनों किडनी, लिवर, हार्ट और लंग दान कर दी, जिससे बाद 5 लोगों को नई जिंदगी मिली।
Published on:
14 Jun 2018, 5:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.