
नई दिल्लीः पूर्व भारतीय शीर्ष खुफिया अधिकारी ज्योति के. सिन्हा ने कहा है कि पाकिस्तान का कश्मीर जुनून उसे बर्बादी की तरफ ले जा रहा है। खुफिया अधिकारी के मुताबिक पाकिस्तान देश के आर्थिक ढांचे को मजबूत करने की बजाय सेना को मजबूत कर रहा है। यहां की सरकार सेना को सर्वोच्च स्थान दे रही है जिसकी वजह से ही पाकिस्तान में आतंकी संगठनों का जन्म हुआ है। ये आतंकी पाकिस्तान को ही नुकसान पहुंचा रहे हैं। भारतीय खुफिया अधिकारी की मानें तो पाकिस्तान पर कश्मीर की सनक सवार हो गई है। जिसकी वजह से सेना आतंकियों के भरोसे कश्मीर पर कब्जा करने की फिराक में है जिसका भारतीय सेना कड़ाई से जवाब दे रही है।
ज्योति के. सिन्हा ने खोली पाक की पोल
भारतीय खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग(रॉ) में स्पेशल सेक्रटरी रहे ज्योति के. सिन्हा ने एक लेख में लिखा है कि मो. अली जिन्ना की मौत और पूर्व प्रधानमंत्री लियाकत अली खान की हत्या के बाद से ही पाकिस्तान की सेना का दखल सरकार पर होने लगा था। उन्होंने लेख में आगे लिखा है कि कश्मीर को पाकिस्तान एक मिशन मानता है और उसी वजह से वह एक सैन्य देश बनकर रहा गया है। लेख में ज्योति के. सिन्हा ने खुलासा किया है कि पाकिस्तानी सेना में पंजाबी मुस्लिम ज्यादा ताकतवर हैं। सेना में बलूची या सिंधी जनरल नहीं होता है क्योंकि सरकार और सेना को इन पर तनिक भी भरोसा नहीं है।
इस वजह से बांग्लादेश का जन्म हुआ
ज्योति के. सिन्हा ने अपने लेखा में लिखा है कि ऐंटी-पंजाबी मुस्लिम सेंटिमेंट्स के कारण ही बंगाली राष्ट्रवाद की मांगें जोर पकड़ी थी। जब 1971 की जंग हुई तो इसी का ही नतीजा था कि पूर्वी पाकिस्तान बांग्लादेश के रूप में तब्दील हो गया। लेख में सिन्हा ने कहा है कि पाकिस्तानी लोग बंगाल के लोगों को सत्ता देने से भी इनकार कर रहे थे। जिसकी वजह से बांग्लादेश अस्तित्व में आया। सिन्हा के अनुसार, आज की स्थिति में बांग्लादेश पाकिस्तान की तुलना में काफी आगे हैं और तेजी से विकास कर रहा है। वहीं पाकिस्तान कश्मीर को लेकर अपनी सारी ऊर्जा आतंकियों और सेना पर खर्च कर रहा है।
Published on:
27 Aug 2018 09:50 pm
बड़ी खबरें
View Allविविध भारत
ट्रेंडिंग
