
Lion's Population Increased
नई दिल्ली। एक समय ऐसा था जब देश में जंगल के राजा यानी शेरों (Lions) की संख्या कम होने लगी थी। जंगलों के तेजी से काटे जाने और रिहायशी इलाकों के बढ़ने से जंगली वन्य प्राणियों के जीवन पर संकट के बादल मंडराने लगे थे, लेकिन वन्य जीवों की रक्षा के लिए उठाए गए कदमों का अब सकारात्मक परिणाम दिखने लगा है। देश में लगातार शेरों की संख्या में इजाफा हो रहा है। खासतौर पर गुजरात में पिछले कुछ सालों से शेरों की आबादी काफी बढ़ी है। इस बार भी उनकी आबादी में 29 फीसद का इजाफा हुआ है। इस बात की जानकारी खुद पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने ट्वीट के जरिए दी।
पीएम मोदी ने ट्वीट (PM Modi Tweet) में लिखा कि गुजरात के गिर वन (Gir Forest, Gujrat) में एशियाई शेरों की संख्या में 29 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। जबकि उनके भौगोलिक क्षेत्र में भी 36 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है। इसके लिए गुजरात के उन सभी लोगों को दिल से शुक्रिया जो इस मुहिम के भागीदार बनें। उन्होंने वन्य विभाग के योगदान की भी तारीफ की। पीएम मोदी ने यह भी कहा है कि इस उपलब्धि में इंसान और शेरों के बीच टकराव को कम करने के प्रयासों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे में उम्मीद है कि शेरों की संख्या में इसी तरह आगे भी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
674 हुई शेरों की कुल संख्या
पीएम मोदी ने ट्वीट के साथ एक प्रेस विज्ञप्ति भी जारी की। इसके मुताबिक मौजूदा वक्त में शेरों की संख्या 674 हो गई है। जबकि वृद्धि दर 28.87 फीसद है। साल 2015 में एशियाई शेरों की वृद्धि दर 27 फीसद थी। साल 2020 में शेरों के विस्तार क्षेत्र भी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। अब उनका एरिया 30 हजार वर्ग किलोमीटर का हो गया है। साल 2015 में 22 हजार वर्ग किलोमीटर था। इस तरह शेरों के भौगोलिक विस्तार क्षेत्र में 36 फीसद का इजाफा हुआ है।
Published on:
11 Jun 2020, 1:45 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.