मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक 26 अगस्त तक देश के कई राज्यों में मानसून जबरदस्त मेहरबान दिखाई देगा। इनमें उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ इलाकों में गुरुवार को तेज बारिश की आशंका व्यक्त की गयी है। शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम के कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश के ऊपर गहरे निम्न दबाव क्षेत्र बने हुए हैं। इस सिस्टम से होकर मानसून ट्रफ (निम्न दाब क्षेत्र) झारखंड के दक्षिण में उड़ीसा के झारसुगड़ा से होकर बंगाल की खाड़ी तक गुजर रहा है।