अपने बेटी के साथ हुई दरिंदगी के बाद भी आशा देवी राजधानी दिल्ली से नफरत नहीं करती हैं, उनका कहना है कि ‘मुझे भगवान पर भरोसा है, लेकिन मैं चाहती हूं कि मेरी बेटी के दोषियों को निर्धारित समय में फांसी दी जाए, ताकि उसे जल्द से जल्द न्याय मिल सके। 16 दिसंबर 2012 को दिल्ली ने मेरी बेटी को हमेशा के लिए छीन लिया था। उसे न्याय दिलाने के लिए मैं अपनी लड़ाई जारी रखूंगी। बेटियों के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटनाओं की समस्या सिर्फ दिल्ली में नहीं बल्कि देश के अन्य राज्यों में भी है। इसलिए मुझे दिल्ली से नफरत नहीं है। मेरी बेटी को न्याय मिलने में बहुत ज्यादा देरी हुई है, लेकिन मैंने इन सात सालों में कभी हिम्मत नहीं हारी। मैं अब देश की अन्य बेटियों के लिए भी लड़ाई जारी लडूंगी। मुझे उम्मीद है कि दोषियों को जल्द फांसी दी जाएगी।'