
पेट्रोल-डीजल में महंगाई के बीच सरकार का बयान, 'हम नहीं बाजार तय करते हैं तेल की कीमतें'
नई दिल्ली।पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर मचे हाहाकार के बीच विपक्ष के तंज पर सफाई देते हुए केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बुधवार को बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि तेल की कीमतों का निर्धारण पेट्रोल कंपनियां करती हैं और इसमें सरकार की कोई भूमिका नहीं होती है। उन्होंने कहा, ‘पिछले कुछ साल से पेट्रोल की कीमत बाजार तय कर रहा है और दैनिक कीमतों का निर्धारण पिछले साल से हो रहा है। सरकार कीमतों का निर्धारण नहीं करती है।‘
कीमतें तय करने के लिए स्वतंत्र है अंतरराष्ट्रीय बाजार
प्रधान ने कहा, ‘सरकार कीमतों पर निगरानी तब रखती है जब उस पर अनुदान देती है लेकिन आज तेल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार के अनुसार कीमतें तय करने के लिए स्वतंत्र हैं। सरकार की नीति संबंधी रूपरेखा के अलावा कीमत पर निगरानी में कोई भूमिका नहीं है। तेल अंतरराष्ट्रीय कमोडिटी है और इसकी कीमतें विभिन्न घटकों से तय होती हैं, जिनमें तेल के उत्पादन का परिमाण, अंतरराष्ट्रीय बाजार और राजनीति, तेल कंपनियां, केंद्र और राज्य सरकारों की ओर से लगाए गए कर शामिल हैं।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने घटाया 1 पैसा प्रति लीटर
उन्होंने कहा, ‘ईरान और अमरीका के बीच ईरान पर लगाए गए प्रतिबंध को लेकर झगड़ा और वेनेजुएला के संकट के कारण कीमतों में इजाफा हुआ। जब हम ऊर्जा सुरक्षा की बात करते हैं तो हमें अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक चुनौतियों को ध्यान में रखना होता है।‘ इससे पहले बुधवार को इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने पेट्रोल और डीजल का दाम एक पैसा प्रति लीटर घटाया। हालांकि पहले तकनीकी गड़बड़ी के कारण कंपनी की वेबसाइट पर 50-60 पैसे प्रति लीटर की कमी अंकित हो गई थी, जिसे बाद में सुधारा गया।
एक पैसे की कटौती पर राहुल का करारा तंज
गौरतलब है कि पिछले 16 दिनों में तेल की कीमतों में करीब चार रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद एक पैसा प्रति लीटर की कमी आई है। कांग्रेस ने सरकार की आलोचना करते हुए इसे लोगों के साथ मजाक बताया। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट के जरिए कहा, ‘प्रिय प्रधानमंत्री, आपने आज पेट्रोल और डीजल का दाम एक पैसा घटाया। एक पैसा?? अगर आपका विचार मजाक करने का है तो यह बचकानी बात है और इसका स्वाद नीरस है। एक पैसे की कटौती मेरे द्वारा आपको पिछले सप्ताह दी गई चुनौती का अनुपयुक्त जवाब है।'
Published on:
31 May 2018 12:43 am
बड़ी खबरें
View Allविविध भारत
ट्रेंडिंग
