
रॉबर्ट वाड्रा की बढ़ सकती है मुश्किलें, ED को शक- ब्रिटेन में हैं 6 और अवैध संपत्तियां
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ( Priyanka Gandhi ) के पति रॉबर्ट वाड्रा ( Robert Vadra ) की मुश्किल एकबार फिर बढ़ सकती है। खबर है कि प्रवर्तन निदेशालय ( ईडी ) ने वाड्रा की विदेशों में संपत्ति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस की जांच का दायरा बढ़ाने वाली है। एजेंसी ने इसके लिए अपना पहला कदम बढ़ा भी दिया है।
केस में जुड़ सकती है छह अन्य संपत्तियां
जानकारी के मुताबिक ईडी ने ब्रिटेन की जांच एजेंसी से वहां की आधा दर्जन से अधिक संपत्तियों की जानकारी मांगी है। एक अधिकारी ने बताया कि ईडी का मानना है कि रॉबर्ट वाड्रा से जुड़ी छह और संपत्तियों की खरीदारी मनी लॉन्ड्रिंग के पैसे से हुई है। ईडी ने ब्रिटेन से इन संदिग्ध संपत्तियों के पहले और वर्तमान मालिक के बारे में पूरी जानकारी मांगी है।
ED की इन संपत्तियों पर है नजर
ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि लंदन के ब्रायंस्टन स्क्वायर स्थित एलर्टन हाउस के 'संपत्ति नंबर 12' के अलावा पांच अन्य संपत्तियां भी एजेंसी के रडार पर हैं। इनमें 26 वेलिंगटन रोड, सेंट जान्स वुड लंदन, 25 साराटोगा रोड क्लैपटन लंदन, 42 अपर ब्रुक स्ट्रीट लंदन, एजवेयर रोड लंदन और ग्रासवेनर हिल रोड, बर्डन स्ट्रीट लंदन स्थित फ्लैट नंबर 6 शामिल हैं।
चार महीने में 14 बार हुई पूछताछ
बता दें कि ED ने मनी लॉन्ड्रिंग केस की पूछताछ के लिए चार महीनों में रॉबर्ट वाड्रा से ईडी ने 14 बार से ज्यादा पूछताछ की है। यह मामला ब्रिटेन में 19 लाख पाउंड मूल्य की एक संपत्ति का है। इसी हफ्ते कोर्ट ने रॉबर्ट वाड्रा को इलाज के लिए शर्तों के तहत छह हफ्तों के लिए नीदरलैंड और अमरीका जाने की अनुमति दी है। डॉक्टर ने उनके आंत में ट्यूमर बताया है।
संपत्तियों को किया जा सकता है जब्त
ईडी अधिकारी ने बताया कि एजेंसी ने दूसरे देशों के भी वित्तीय खुफिया इकाइयों से मदद मांगी है, ताकि संपत्तियों की खरीद के लिए रकम का किस तरह से इंतजाम हुआ, इसका पता चल सके। अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही ईडी को ब्रिटेन स्थित संपत्तियों की जानकारी हासिल होगी, वह वहां के अधिकारियों से उन्हें जब्त करने की गुजारिश करेगी।
Updated on:
08 Jun 2019 07:55 am
Published on:
07 Jun 2019 09:59 pm

बड़ी खबरें
View Allविविध भारत
ट्रेंडिंग
