
दिल्ली: गायक टीएम कृष्णा का इवेंट आज, बोले- कला का हो राजनीतिकरण
नई दिल्ली। कर्नाटक संगीत के मशहूर गायक टीएम कृष्णा शनिवार दिल्ली में आपने कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। केजरीवाल सरकार के आमंत्रण पर कृष्णा शाम साढ़े छह बजे गार्डन ऑफ फाइव सेंसेज में आयोजित ‘आवाम की आवाज’ कार्यक्रम में प्रस्तुति देंगे। बता दें कि नेहरू पार्क में होने वाले कृष्णा के 17 नवंबर के संगीत समारोह को एएआई द्वारा रद्द कर दिया गया था, जिसके बाद आप सरकार कृष्णा के अन्य समारोह का आयोजन करने के लिए आगे आई है।
वहीं, कृष्णा के कार्यक्रम पर बोलते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'अगर आप सम्मिलित भारत में विश्वास रखते हैं, जो भारत जो सभी धर्म, विचारधारा, जाति से बना हो, तो शनिवार को आपकी उपस्थिति बांटने और बर्बाद करने की कोशिश करने वाली ताकतों के खिलाफ एक लड़ाई होगी।
कला का हो राजनीतिकरण
मशहूर गायक और एक्टिविस्ट टीएम कृष्णा ने कहा है कि कला का राजनीतिकरण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कला कभी अराजनीतिक नहीं रहा, राजनीति एक खराब शब्द नहीं है। राजनीतिकरण का मतलब सिर्फ लोगों को जोड़ना है। उन्होंने कहा कि वे नहीं समझते हैं कि कोई कैसे बिना एक्टिविस्ट हुए जिंदा रह सकता है। वही, लोकसभा सासंद और डांसर सोनल मानसिंह पर बोलते हुए उन्होंने कहा, 'उनके लेख (सोनल के) मेरी पॉलिटिकल पोजिशननिंग को लेकर है। सोनल कहना चाहती हैं कि मेरे इवेंट कैंसल होने के पीछे कोई राजनीति नहीं है, तो फिर क्यों उन्होंने पूरी तरह मेरी पॉलिटिकल पोजिशननिंग जो कि मोदी सरकार के खिलाफ है, को लेकर लेख लिखा है।'
ट्रोलर्स की वजह से स्थगित हुआ कार्यक्रम
दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित नेहरू पार्क में हो रहे डांस एंड म्यूजिक इन द पार्क में 17 नवंबर को एएआई एक म्यूजिक कॉन्सर्ट आयोजित करने वाला है। पांच नवंबर को एएआई ने अपने ट्वीटर हैंडल के जरिए कार्यक्रम का ऐलान किया और कलाकारों की लिस्ट भी जारी कर दी। इस सूची में अक्सर अपने बेबाक बयानों की वजह से चर्चा में रहने वाले कर्नाटक के सिंगर टीएम कृष्णा का भी नाम था। यह बात कुछ लोगों को इतनी बुरी लग गई उन्होंने कार्यक्रम का विरोध शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर दक्षिण पंथी ट्रोलर्स ने टीएम कृष्णा के खिलाफ कैंपेनिंग चला दी। इसमें उन्हें भारत-विरोधी और अर्बन नक्सल बताया गया। इस अभियान को गंभीरता से लेते हुए एएआई ने कृष्णा का कार्यक्रम स्थगित कर दिया।
Published on:
17 Nov 2018 12:54 pm
