विविध भारत

Jammu Kashmir: सेना को बड़ी कामयाबी, एनकाउंटर में लश्कर के दो आतंकी ढेर, अखनूर में मार गिराया ड्रोन

Jammu Kashmir में सेना के जवानों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोपोर में जहां दो लश्कर के आतंकी को मार गिराया गया वहीं अखनूर सेक्टर में संदिग्ध ड्रोन मारने के साथ बरामद किया 5 किग्रा IED
2 min read
• •
Updated: 23 Jul 2021, 9:27 AM IST
802.jpg

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर ( Jammu Kashmir ) में सेना को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। बारामुला जिले ( Baramulla District ) के सोपोर में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ( LeT ) के दो आतंकियों को ढेर कर दिया है। इसके साथ ही सुरक्षाबलों ( Security Forces ) ने एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए कनाचक इलाके में एक ड्रोन को मार गिराया जबकि भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया है।

पुलिस ने जानकारी दी है कि इनमें से एक आतंकी की पहचान फयाज वार के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वह उत्तर कश्मीर में हिंसा का अपराधी था। इस दौरान पुलिस को हथियार और विस्फोटक बरामद हुए हैं।

कश्मीर में पिछले एक महीने में ड्रोन से जुड़ी हुई गतिविधियों में तेजी से इजाफा हुआ है। पिछले महीने 27 जून को एयरफोर्स स्टेशन पर हमले में ड्रोन का इस्तेमाल किया गया था।
इसके बाद से सुरक्षा एजेंसियां काफी सतर्क हो गई हैं और लगातार ऐसे ऑब्जेक्ट की निगरानी करते हुए संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो रही है।

कश्मीर के IGP विजय कुमार के मुताबिक, 'आतंकवादी संगठन लश्कर के दो आतंकियों को सोपोर मुठभेड़ के दौरान ढेर कर दिया गया है।

इनमें से एक फयाज वार आम नागरिकों और सुरक्षा बलों पर हमले में शामिल था। वह उत्तर कश्मीर में हिंसा का अपराधी था।'

गुरुवार को आतंकियों के एक घर में छिपे होने की खबर मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने कार्रवाई शुरू की थी। रास्तों को बंद कर दहशतगर्दों से सरेंडर करने की अपील की गई, लेकिन छिपे आतंकियों ने गोली चलाना शुरू कर दिया।

इसके बाद दोनों पक्षों में मुठभेड़ हुई। सुरक्षा के लिहाज से कुछ समय के लिए मोबइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई थीं।

Published on: