
नई दिल्ली। देशभर के लोगों के लोगों को कोरोना से तत्काल राहत की उम्मीद कम है, लेकिन तेज गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। खासकर मध्य प्रदेश ( Madhya Pradesh ) के लोगों को आगामी कुछ दिनों में तपती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। दिल्ली एनसीआर ( Delhi Ncr ) सहित उत्तर भारत में तेज हवा के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश में आने वाले सप्ताह में सूबे के कई जिलों में बारिश हो सकती है। वहीं कई जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें या तेज हवा चलने की वैज्ञानिकों ने संभावनाएं जताई हैं। मौसम विभाग (Weather Department) का अनुमान है कि कई जिलों का पारा थोड़ा गिर सकता है, लेकिन जिन इलाकों में बारिश नहीं होगी वहां गर्मी अपना तेवर दिखाती रहेगी। वर्तमान में प्रदेश के ज्यादातर जिलों का पारा 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है।
मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि आने वाले दिनों में खरगौन में पारा और अधिक बढ़ सकता है। मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान रीवा, सागर, जबलपुर, शहडोल, भोपाल, उज्जैन, होशंगाबाद, ग्वालियर और चंबल संभागों के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। जबकि इंदौर संभाग के जिलों का मौसम शुष्क रहा है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से नमी का जमाव और ऊपरी वायुमंडलीय परिस्थितियां अनुकूल होने के कारण अगले 2 से 3 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत और पूर्वी भारत में अधिकांश स्थानों पर बारिश होने के आसार नजर आ रहे हैं। आने वाले 24 घंटों के दौरान पश्चिम हवाओं और नम पूर्वी हवाओं के बीच संगम क्षेत्र के कारण पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम के निकटवर्ती मैदानों में कुछ स्थानों पर बौछारों के साथ चमक पड़ने की संभावनाएं बन रही हैं। 10 मई तक झारखंड में मौसम ऐसा ही रहेगा। वहीं बिहार में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है कई जिलों में बादल छाए हुए हैं। कहीं कहीं बारिश भी हो रही है।
मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तटीय ओडिशा, पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, बिहार के कुछ हिस्सों, झारखंड, आंतरिक तमिलनाडु, केरल, दक्षिणी-आंतरिक कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। तटीय आंध्र प्रदेश और अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह में भी कुछ स्थानों पर बारिश जारी रहेगी।
Updated on:
8 May 2020, 11:25 AM IST
Published on:
8 May 2020, 8:00 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.