
मनचले ने मां के व्हाट्सअप पर भेजा मैसेज,बेटी से दोस्ती करा दो,वरना....
मुरादाबाद: सरकार और पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद भी मनचलों के हौसले कम नहीं हो रहे,जोकि आये दिन बेटियों को परेशान कर रहे हैं। जी हां कुछ ऐसा ही मामला कटघर क्षेत्र में सामने आया है। जब कक्षा सात की छात्रा ने मनचले से बात करने से इनकार कर दिया तो दबंग ने उसकी मां के व्हाट्सअप पर मैसेज भेज दिया कि अपनी बेटी को बोलो मुझसे दोस्ती करे। यही नहीं जब पिता ने फोन पर उसे समझाया तो बेटी का चेहरा तेज़ाब से जलाने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित के पिता ने एसएसपी से मिलकर शिकायत की है। जिस पर पुलिस को कार्यवाई के आदेश दिए गए हैं।
ये है मामला
जानकारी के मुताबिक कटघर थाना के लाजपतनगर चौकी क्षेत्र निवासी 13 वर्षीय किशोरी कक्षा सातवीं की छात्रा है। छात्रा के पिता ने गुरुवार को एसएसपी से मिलकर एक मोबाइल नंबर के आधार पर युवक की शिकायत की। बताया कि आठ फरवरी को युवक ने छात्रा की मां के मोबाइल पर वाट्सएप मैसेज भेजकर बेटी से बात कराने को कहा। इसके बाद से वह मैसेज भेज कर छात्रा पर दोस्ती करने का दबाव बनाने लगा। परेशान होकर छात्रा ने अपने पिता को पूरे मामले की जानकारी दी। जिसके बाद पिता ने आरोपी के मोबाइल पर कॉल करके उसे समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि युवक ने धमकी दी कि तेरी बेटी के मुंह पर तेजाब फेंक दूंगा।
कार्यवाई के आदेश
छात्रा के पिता ने एसएसपी से आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल साइबर सेल के पास मामले की जांच भेजी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
15 Feb 2019, 10:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.