शहर के रामगंगा विहार इलाके में डॉ रूपा घोष और डॉ महजबीं परवीन योग एवं नेचुरोपैथी केंद्र बीते कई सालों से चला रहीं हैं। लेकिन इन दिनों इनके केंद्र पर बच्चों की भीड़ देखकर हर कोई हैरान है। जब उसे कारण समझ आता है तो दोनों को इस जज्बे के लिए सलाम करता है। जी हां दोनों ने काम ही कुछ इस तरह का किया है। अपने केंद्र पर दोनों कामगारों,मजदूरों के बच्चों को निशुल्क पढ़ाने के साथ उनका स्कूल में दाखिला,उनके कपडे से लेकर आम दिनों की जरूरत को अपने स्तर से पूरा कर रहे हैं। उनके इस पुनीत कार्य में अब समाज का भी योगदान मिल रहा है।