
यूपी के आसमान में मंडराया खतरा | AI Generated Image
Drone threat looms over skies of Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में इन दिनों आसमान में उड़ते ड्रोन लोगों के बीच डर और संशय का कारण बन गए हैं। बिजनौर, बुलंदशहर, मुरादाबाद और अमरोहा जैसे जिलों में ड्रोन देखे जाने की घटनाओं ने ग्रामीणों को न सिर्फ चिंतित कर दिया है बल्कि उनमें भारी दहशत भी फैला दी है। ग्रामीणों का कहना है कि इन ड्रोन की गतिविधियां संदिग्ध हैं, जो चोरी या जासूसी जैसी आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी हो सकती हैं।
इन जिलों के कई गांवों में जब भी आसमान में ड्रोन दिखाई देता है, लोग तुरंत सतर्क हो जाते हैं। लाठी-डंडों और पत्थरों से ग्रामीण ड्रोन को खदेड़ने की कोशिश कर रहे हैं। कुछ जगहों पर तो लोगों ने ड्रोन को रोकने के लिए गोलियां तक चला दीं। मुरादाबाद के छजलैट क्षेत्र में आसमान में गोली चलाने की खबर भी सामने आई है। ग्रामीणों को अब अपने ही आसमान पर भरोसा नहीं रहा।
ड्रोन से डर की शुरुआत उस वक्त तेज हो गई जब शुक्रवार को बुलंदशहर जिला जेल के ऊपर एक ड्रोन मंडराता पाया गया। सुरक्षा कारणों के मद्देनज़र पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और जांच के बाद ड्रोन से फुटेज बना रहे एक युवक भूपेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि वह युवक रील बनाने के लिए ड्रोन उड़ा रहा था, लेकिन जेल के ऊपर उड़ान सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मामला है।
इस घटना के बाद से ग्रामीणों का डर और भी गहरा गया है। लोगों को लगने लगा है कि कोई उनकी जासूसी कर रहा है या फिर चोरी की बड़ी साजिश रची जा रही है।
अब हालात यह हो गए हैं कि कई गांवों में लोग रातभर छतों पर टॉर्च लेकर पहरा दे रहे हैं। बिजनौर के स्योहारा में ग्रामीण पूरी रात टॉर्च जलाकर छत पर बैठे रहते हैं। उन्हें आसमान में अजीब रोशनी दिखाई देती है, जो कभी तेजी से भागती है, तो कभी एक ही जगह मंडराती नजर आती है।
अमरोहा के धबारसी और ओगरपुर गांवों में ग्रामीणों ने अब ड्रोन के देखे जाने वाले रास्तों का नक्शा बनाना शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि ये ड्रोन एक तय दिशा और ऊंचाई में उड़ते हैं और कुछ समय के लिए रुकते भी हैं। ईसापुर शर्की के निवासी ब्रह्मपाल सिंह ने बताया, “ये ड्रोन हमारे घरों के ऊपर ऐसे रुकते हैं जैसे कुछ नाप रहे हों।”
डर का आलम यह है कि अब लोगों को हर शख्स संदिग्ध नजर आने लगा है। राजोहा इलाके में रील बना रहे तीन युवकों को ग्रामीणों ने पीट दिया, उन्हें शक था कि ये लोग चोरी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रहे हैं या उसके मार्गदर्शन के लिए मौजूद हैं। आदमपुर में भी ड्रोन दिखने के कुछ ही घंटों बाद दोपहिया वाहन की बैटरी चोरी होने की घटना सामने आई।
इन घटनाओं का असर सोशल मीडिया पर भी दिख रहा है। लोग लगातार वीडियो और तस्वीरें शेयर कर रहे हैं, जिनमें उड़ते ड्रोन या अजीब रोशनी दिखाई दे रही है। कुछ लोग इसे शरारत बता रहे हैं तो कुछ इसे किसी बड़े आपराधिक गिरोह की साजिश मान रहे हैं।
इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने रात की गश्त बढ़ा दी है। बिजनौर के एसपी संजीव वाजपेयी ने बताया कि ड्रोन की बिक्री और उसके प्रयोग पर नजर रखी जा रही है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी तक किसी चोरी की घटना को सीधे तौर पर ड्रोन से जोड़ने के सबूत नहीं मिले हैं।
एसपी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो की जांच की जा रही है, और अगर कोई ड्रोन असामान्य या कानून के खिलाफ प्रयोग करता पाया गया, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
21 Jul 2025, 1:26 PM IST
Published on:
21 Jul 2025, 1:26 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.