
AI द्वारा जेनरेटेड इमेज।
मुरादाबाद: मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जब सीमेंट से लदा एक ट्रक अचानक स्टेयरिंग फेल होने के बाद बेकाबू हो गया और सड़क किनारे खड़ी कार को रौंदता हुआ एक घर में जा घुसा। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई जबकि कार में सवार आठ माह का मासूम सड़क पर गिरकर जख्मी हो गया।
सुबह करीब 6:30 बजे, ट्रक सहसवान की ओर जा रहा था और कस्बा गुन्नौर के मोहल्ला फजल से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रक की स्टेयरिंग फेल हो गई। ट्रक ने पहले सड़क किनारे खड़ी कार को जोरदार टक्कर मारी और फिर बेकाबू होकर रामगोपाल नामक ग्रामीण के मकान में घुस गया।
ट्रक की टक्कर से मकान के बाथरूम की दीवार गिर गई, जिससे नीतू (35) नामक महिला के सिर पर ईंट गिर गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने मलबे से निकालकर महिला को सीएचसी पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कार में सवार मोहल्ला मुंडा निवासी योगेश का आठ माह का बेटा शिवांश ट्रक की टक्कर से कार से उछलकर सड़क पर जा गिरा। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है।
हादसे के वक्त कार में योगेश, उसकी पत्नी पूजा, भाभी कविता, मां उर्मिला, और बुआ रामदुलारी सवार थे। सभी लोग कस्बे में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। हादसे में वे अन्य लोग चमत्कारिक रूप से बाल-बाल बच गए।
स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक सुरजीत सिंह (निवासी – नगला सुंदरपुर, थाना जैथरा, जनपद एटा) को मौके पर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। चालक ने बताया कि ट्रक की स्टेयरिंग अचानक फेल हो गई थी, जिससे वह नियंत्रण खो बैठा।
थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश प्रधान ने बताया कि अब तक कोई लिखित शिकायत (तहरीर) नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
29 May 2025, 6:22 PM IST
Published on:
29 May 2025, 6:22 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.