
Big Breaking: यूपी के इस शहर में तालाब में डूबकर तीन बच्चों की मौत से मचा हडकंप
मुरादाबाद: शहर के पाकबड़ा थाना क्षेत्र में आज सुबह उस समय हडकम्प मच गया जब यहां तालाब में डूबकर तीन बच्चों की मौत हो गयी। तीनों बच्चे गांव के अन्य बच्चों के साथ तालाब में नहाने गए थे,तभी अचानक तीनों गहराई में चले गए। जब तक चीख पुकार मची और उन्हें पानी से बाहर निकाला गया,तब तीनों ने दम तोड़ दिया। मरने वालों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा भी किया। जिस पर पुलिस और अधिकारीयों ने किसी तरह उन्हें समझा बुझाकर शांत किया।
सुबह घर से निकले थे दोस्त
जानकारी के मुताबिक तीनों बच्चे पाकबड़ा थाना क्षेत्र के रतनपुर कला गांव के रहने वाले थे। मरने वाले अलतामा, इस्माइल, अरकान तीनों दोस्त थे आस-पड़ोस में रहते थे, पिता मजदूरी करते हैं। बुधवार सुबह तीनों दोस्त घर के पास ही बरसाती पानी से भरे गड्ढे में नहाने के लिए गए थे। तीनों दोस्त पानी में उछल कूद करते-करते गहरे पानी में समा गए। साथ में नहा रहे गांव के अन्य बच्चों ने शोर मचाया। इस पर परिवार वाले और गांव के लोग मौके पर पहुंचे। जब तक तीनों को बाहर निकाला जाता इससे पूर्व तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक साथ तीन बच्चों की मौत से रतनपुर कला गांव में चीख पुकार मच गई।
मां का हाल बेहाल
सुबह हंसत खेलते निकले भाइयों के शव देखते ही मां बेहोश हो गयी। पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है। किसी को भी इस अनहोनी की आशंका ही नहीं थी वरना शायद जाने ही नहीं देते। उधर गांव वालों ने खुले गड्डे में तारबंदी न करने को स्थानीय प्रशासन की लापरवाही माना है।
जांच के आदेश
थाना पुलिस के मुताबिक जैसे ही पुलिस को सूचना मिली मौके पर पहुंचे और बच्चों को दिल्ली रोड स्थित प्राइवेट मेडिकल कॉलेज भी ले जाया गया। लेकिन बच्चों को बचाया नहीं जा सका। हादसे की जांच की जाएगी।
Published on:
26 Sep 2018, 2:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.